समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को गोरखपुर के तिवारी हाता पहुंचे। यहां उन्होंने पूर्व मंत्री स्व. जमुना निषाद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। 19 नवंबर को जमुना निषाद की पुण्यतिथि है। उनके बेटे अमरेंद्र निषाद ने अखिलेश यादव से इस अवसर पर समय मांगा था, जिस पर उन्होंने गोरखपुर आकर चित्र पर पुष्प अर्पित करने की बात कही थी।
अखिलेश यादव के आगमन की सूचना पर सुबह से ही तिवारी हाता में समर्थकों की भीड़ बढ़ने लगी। गोरखपुर के साथ ही बस्ती, संतकबीर नगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर और आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में समर्थक पहुंचे। शाम लगभग 6:33 बजे अखिलेश यादव के पहुंचने पर समर्थकों ने नारेबाजी की और उनके करीब आने की कोशिश की। भीड़ नियंत्रित करने के लिए सुरक्षाकर्मियों को कई बार लोगों को पीछे करना पड़ा।
श्रद्धांजलि के बाद अखिलेश यादव ने अमरेंद्र निषाद से बातचीत की और विधानसभा चुनाव के बाद खुटहन खास स्थित जमुना निषाद के समाधि स्थल पर आने की बात कही। इसके बाद आवास के बैठक कक्ष में उन्होंने पूर्व सांसद भीष्म शंकर तिवारी उर्फ कुशल तिवारी, पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी, पूर्व विधान परिषद सभापति गणेश शंकर पांडेय सहित परिवार के सदस्यों और विभिन्न क्षेत्रों के लोगों से संवाद किया।
बातचीत का मुख्य केंद्र पूर्वांचल में समाजवादी पार्टी की राजनीतिक पकड़ मजबूत करना और बौद्धिक वर्ग को पार्टी से जोड़ना रहा। अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने और लोगों की भावनाओं तथा समस्याओं को समझने का संदेश दिया। इस दौरान सांसद रामभुआल निषाद, प्रोफेसर चितरंजन मिश्र, प्रो. रजनीकांत पांडेय, डा. विजय पांडेय सहित कई विधायक, पूर्व विधायक और अन्य लोग उपस्थित रहे। मीडियाकर्मियों से संवाद के बाद अखिलेश यादव शाम लगभग 7:32 बजे तिवारी हाता से प्रस्थान कर गए।
