अयोध्या और काशी के बाद भाजपा ने अब मथुरा को केंद्र में रखते हुए 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने कान्हा की नगरी से ऐसे नए सियासी नारे गढ़े हैं, जिनमें भक्ति के संबोधन के साथ चुनाव चिह्न और हिंदुत्व का राजनीतिक संदेश जुड़ा है। इन नारों में 'राधे-राधे, कमल खिला दे', 'अबकी बारी बांके बिहारी' और 'जो हमारे श्याम का नहीं, वह किसी काम का नहीं' शामिल हैं। पार्टी ब्रज की धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान को प्रदेशव्यापी राजनीतिक अभियान से जोड़ने की कोशिश कर रही है, जिसके केंद्र में श्रीकृष्ण जन्मस्थान का मुद्दा है।

ये नारे मथुरा के परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र में 16 और 17 नवंबर को हुई दो दिवसीय योजना बैठक से सामने आए हैं। बैठक के बाद प्रदेश की सियासत में नई चर्चा शुरू हो गई है। 'राधे-राधे, कमल खिला दे' नारा गढ़ने वाले भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य प्रकाश पाल हैं। उन्होंने योजना बैठक से एक सप्ताह पहले मथुरा आगमन पर भी यह नारा बुलंद किया था और तब कार्यकर्ताओं के बीच दो अन्य नारे भी दिए थे। उन्होंने बताया कि बैठक में यह नारा शीर्ष नेतृत्व के सामने रखा गया, जिसे स्वीकार कर लिया गया।

'राधे-राधे' ब्रज की पहचान और जनमानस की आस्था से जुड़ा संबोधन है, जबकि कमल भाजपा का चुनाव चिह्न है। दोनों को जोड़कर पार्टी धार्मिक भावनाओं और राजनीतिक संदेश को एक सूत्र में पिरोना चाहती है। वहीं 'अबकी बारी बांके बिहारी' नारा अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मस्थान के मुद्दे को राजनीतिक चर्चा के केंद्र में लाने का संकेत देता है। तीसरे नारे के जरिए भाजपा हिंदुत्व के मुद्दे पर विपक्ष को घेरने की रणनीति बनाती दिख रही है।

इसके राजनीतिक मायने यह भी हैं कि विपक्षी दलों को धार्मिक आस्था और श्रीकृष्ण जन्मस्थान के मुद्दे पर अपना पक्ष स्पष्ट करने की चुनौती दी जाए। भाजपा की रणनीति का एक दूसरा पहलू भी है। समाजवादी पार्टी के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण के मुकाबले पार्टी धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान के साथ अपने सामाजिक आधार को मजबूत करना चाहती है।