कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि भारतीय लोकतंत्र उनके लिए पवित्र है और विपक्ष चुनावों का बहिष्कार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा कदम उठाया गया तो उसी पल भारतीय लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। राहुल गांधी ने यह बात गुरुवार को यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ हुए संवाद के दौरान कही। वह दो दिवसीय अमेरिका दौरे पर हैं। इससे पहले बुधवार को उन्होंने कोलंबिया यूनिवर्सिटी के एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था।
राहुल गांधी ने कहा कि उनकी रणनीति लड़ने और भारत के लोगों को देश की स्थिति बताने की है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को चुनावी प्रक्रिया में काफी नुकसान उठाना पड़ा है, लेकिन इसके बावजूद चुनाव का बहिष्कार नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि वे गैर-लोकतांत्रिक भारत स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं और यह सिर्फ कांग्रेस पार्टी नहीं, बल्कि भारत के अधिकांश लोगों की भावना है।
राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष यह सुनिश्चित करेगा कि लोग बिना डर अपनी बात कह सकें। उन्होंने चुनाव आयोग पर टिप्पणी करते हुए कहा कि आयोग के वरिष्ठ लोग अब अंदर से जानकारी दे रहे हैं और यह ढांचा कब ढहेगा, यह सिर्फ समय की बात है। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव की वैधता पर सवाल उठाते हुए कहा कि उसमें कई फर्जी मतदाता थे और उन्होंने एक ब्राजीलियाई महिला का जिक्र किया, जिसने कथित तौर पर भारत में एक विधानसभा चुनाव में 23 बार मतदान किया।
कार्यक्रम में जलवायु संकट पर सवाल पूछे जाने पर राहुल गांधी ने कहा कि दिल्ली जैसे शहरों में प्रदूषण की स्थिति चिंताजनक है और बच्चों में फेफड़ों की बीमारियां हो रही हैं। इजरायल से जुड़े सवाल पर उन्होंने अक्टूबर में इजरायल में हुई घटनाओं और गाजा में जो हो रहा है, दोनों की निंदा की।
