पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को राजनीतिक कैदी बताते हुए देश में राजनीतिक प्रतिशोध खत्म करने की मांग की है। कराची प्रेस क्लब में मंगलवार को आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने यह बात कही। इस बयान से प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की सरकार के साथ पीपीपी के रिश्तों में तनाव बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।

बिलावल ने कहा कि इमरान खान उन्हें पसंद हों या नहीं, लेकिन पाकिस्तान उनके बिना नहीं चल सकता। उन्होंने कहा कि सरकार को पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) का भरोसा जीतना होगा और राजनीतिक हकीकत को स्वीकार करना होगा। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या जेल जाने वाले पाकिस्तान के हर पूर्व प्रधानमंत्री को चोर कहा जा सकता है या वे राजनीतिक बदले का शिकार हुए हैं। उन्होंने कहा, "आखिर कितनी बदले की भावना रखेंगे?"

इमरान खान 2018 से 2022 तक पाकिस्तान के प्रधानमंत्री रहे थे। अगस्त 2023 में भ्रष्टाचार के एक मामले में गिरफ्तारी के बाद से वह जेल में बंद हैं।

बिलावल का यह बयान इसलिए अहम माना जा रहा है क्योंकि उनकी पार्टी पीपीपी ने 2024 में पीएमएल-एन के साथ गठबंधन कर शहबाज शरीफ की सरकार बनाने में मदद की थी।