संसद के आगामी सत्र को लेकर बुधवार को राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई। सूत्रों के अनुसार, सरकार के सामने दो विकल्प हैं और अगले 48 घंटे में इनमें से किसी एक पर फैसला हो सकता है।
पहला विकल्प यह है कि मानसून सत्र का सत्रावसान कर 7 से 23 दिसंबर तक शीतकालीन सत्र बुलाया जाए। इस सत्र की 12 बैठकों के दौरान महिला आरक्षण और लोकसभा की सीटें बढ़ाने से जुड़े परिसीमन विधेयक पेश किए जा सकते हैं।
दूसरा विकल्प विशेष बैठक का है। मानसून सत्र की कार्यवाही 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुई थी। चूंकि सत्र का सत्रावसान नहीं हुआ है, इसलिए उस सत्र की बैठकें शॉर्ट नोटिस पर फिर बुलाई जा सकती हैं। नवंबर के अंतिम सप्ताह में तीन दिन की बैठक बुलाकर महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयक पेश किए जा सकते हैं, और शीतकालीन सत्र इसके बाद बुलाया जा सकता है।
इस बीच, दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 के डिपार्चर गेट पर एक संदिग्ध व्यक्ति ने जबरन घुसने की कोशिश की, जिसे मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ लिया। सीआईएसएफ ने सोशल मीडिया एक्स पर यह जानकारी दी। पोस्ट के मुताबिक, जवानों की सतर्कता से एयरपोर्ट पर तनाव की स्थिति नहीं बनी। व्यक्ति की पहचान और उसकी मंशा का अभी पता नहीं चल पाया है।
गुजरात में सूरत के उधना-मगदल्ला रोड स्थित सफल स्क्वायर कॉम्प्लेक्स में एएचटीयू ने मंगलवार देर शाम सेक्स रैकेट का पर्दाफाश करने के लिए छापा मारा। पुलिस के मुताबिक, होटल संचालक राजेशसिंह ने डमी ग्राहक से 9 हजार रुपए वसूले थे। छापे के दौरान वह बाथरूम जाने का बहाना बनाकर खिड़की से भागने लगा, लेकिन चौथी मंजिल से पाइपलाइन के जरिए नीचे गिर गया और गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। जांच में सामने आया कि आरोपी ग्राहकों से 5 हजार से 15 हजार रुपए तक लेकर उन्हें वीवीआईपी ट्रीटमेंट देता था। पुलिस को इस रैकेट में नशीले पदार्थ उपलब्ध कराने की भी आशंका है।