उत्तराखंड में भाजपा 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुटी है। पार्टी का लक्ष्य प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करना है, लेकिन उसका विशेष ध्यान उन 23 सीटों पर है जहां उसे 2022 के चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। इन सीटों पर जीत का गणित तैयार करने के लिए हरिद्वार में 21 और 22 नवंबर को प्रस्तावित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में रणनीति बनाई जाएगी।
पिछले विधानसभा चुनाव में इन 23 सीटों पर कई बड़े चेहरों को हार मिली थी। इनमें पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद (हरिद्वार ग्रामीण), महेंद्र भट्ट (बदरीनाथ), राजेश शुक्ला (किच्छा), पूरन सिंह फर्त्याल (लोहाघाट), चंद्रा पंत (पिथौरागढ़), डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल (जसपुर), डॉ. जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला (हल्द्वानी) और सुरेश राठौर (ज्वालापुर) शामिल हैं। 2027 के चुनाव में दावेदारी के लिए इन नेताओं को अपनी राजनीतिक जमीन और जनस्वीकार्यता साबित करनी होगी।
पार्टी के भीतर एक तरफ पुराने प्रत्याशी फिर से दावेदारी कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ कई नए चेहरे भी सक्रिय हैं, जो क्षेत्र में सक्रियता, सामाजिक समीकरणों और संगठन में पकड़ के आधार पर टिकट की दौड़ में जगह बनाने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा पिछले चुनाव में हार के अंतर, चुनावी प्रदर्शन, क्षेत्र में सक्रियता, स्वीकार्यता और सांगठनिक तालमेल जैसे पहलुओं पर समीक्षा करेगी।
पार्टी ने यह तय कर लिया है कि पुराने चेहरों को केवल पिछली बार दावेदारी के आधार पर अवसर नहीं मिलेगा। उन्हें यह भी दिखाना होगा कि बीते पांच वर्षों में उन्होंने अपनी राजनीतिक जमीन कितनी मजबूत की है। वहीं, नए दावेदारों के पास संगठन और जनता के बीच अपनी सक्रियता साबित कर विकल्प के रूप में जगह बनाने का अवसर होगा।
