पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने बिहार में कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर रखे जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि पुल का नाम 'नीतीश सेतु' रखना सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है।
मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार ने पहले इस पुल का नाम सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के नाम पर रखने का प्रस्ताव स्वीकार किया था। यह पुल सिखों के पवित्र स्थल तख्त श्री पटना साहिब के बिल्कुल निकट स्थित है। उनके अनुसार, इसके बावजूद बाद में पुल का नाम एक राजनीतिक नेता के नाम पर रखने का फैसला किया गया।
ईटीओ ने इस फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह लाखों श्रद्धालुओं की भावनाओं के प्रति सरकार की उदासीनता दर्शाता है। उन्होंने कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी ने मानवता, धर्म, बलिदान और मानवीय मूल्यों की रक्षा के लिए अतुलनीय योगदान दिया है।
मंत्री ने कहा कि गुरु जी की विरासत सिख समुदाय तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे देश की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि ऐसे महान गुरु को उचित सम्मान देना सभी की जिम्मेदारी है।
