पंजाब में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत 22 नवंबर को राज्यभर के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने बताया कि ये शिविर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेंगे। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आयोजित इन शिविरों में मतदाता प्रारूप सूची में अपना नाम और विवरण जांच सकेंगे। साथ ही नए पंजीकरण, नाम या अन्य विवरण में सुधार तथा संबंधित सेवाओं के लिए आवेदन भी जमा करा सकेंगे।

नए मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए पात्रता तिथि 1 जनवरी, 2027 तय की गई है। इस दिन या इससे पहले 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा फॉर्म नंबर 6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

मित्रा के अनुसार दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 11 दिसंबर है। इनका निपटारा 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी, 2027 को प्रकाशित होगी।

उन्होंने मतदाताओं से शिविरों का लाभ उठाने और विशेषकर युवाओं से मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना जरूरी है।