भारत के राफेल लड़ाकू विमानों की संख्या को लेकर एक ब्रिटिश एविएशन मैगजीन की रिपोर्ट चर्चा में है। मैगजीन ने दावा किया है कि भारतीय वायुसेना के पास मौजूद राफेल विमानों की संख्या कम हुई है। भारत ने फ्रांस से 36 राफेल विमान खरीदे थे। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि फिलहाल वायुसेना के पास केवल चार राफेल विमान ऑपरेशनल हैं। ऑपरेशन सिंदूर में सेवा दे चुके रिटायर वाइस एयर चीफ नर्मदेश्वर तिवारी ने इस दावे को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि मैगजीन को अपने स्रोत दोबारा जांचने की जरूरत है।

तिवारी ने कहा कि यही मैगजीन ऑपरेशन सिंदूर के बाद अपनी रिपोर्ट में 35 सक्रिय राफेल विमानों का जिक्र कर चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस विमान के गिरने का दावा किया गया था, उसका बताया गया टेल नंबर कई युद्धाभ्यासों में हिस्सा ले चुका है। मैगजीन 'फ्लाइटग्लोबल' ने अपनी रिपोर्ट में वायुसेना के विमानों की एक लिस्ट जारी की है, जिसमें सक्रिय राफेल विमानों की संख्या 32 बताई गई है। मैगजीन ने जानकारी के नीचे एक नोट भी लगाया है, जिसमें कहा गया है कि दी गई जानकारी में गलती होने पर उसकी कोई कानूनी जिम्मेदारी नहीं होगी। राफेल की संख्या को लेकर किसी स्रोत की जानकारी नहीं दी गई है।

इस बीच, एक सोशल मीडिया अकाउंट ने दावा किया है कि मैगजीन ने इस रिपोर्ट के लिए पाकिस्तान समर्थक पत्रकार एलन वॉर्न्स की रिपोर्टिंग का सहारा लिया है। वॉर्न्स पर यह भी दावा किया जाता है कि पाकिस्तानी वायुसेना ने उन्हें प्रोपोगेंडा फैलाने के लिए 34,000 पाउंड का भुगतान किया था। वॉर्न्स ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर अपनी रिपोर्ट में दावा किया था कि इस संघर्ष के दौरान भारत के चार राफेल विमान गिरे थे और इसके टेल नंबर भी बताए थे। हालांकि, गणतंत्र दिवस के फ्लाईपास्ट में बीएस-022 के उड़ान भरने के बाद यह दावा झूठा साबित हुआ।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान लगातार भारतीय विमानों को गिराने का दावा करता रहा है। पाकिस्तान ने यह भी दावा किया था कि भारतीय महिला पायलट शिवांगी सिंह के जेट को गिराकर उन्हें बंदी बना लिया गया है, लेकिन राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के साथ उनकी तस्वीर सामने आने पर यह दावा गलत साबित हुआ। इसके अलावा पाकिस्तान ने भारत के एयर डिफेंस सिस्टम एस-400 को मार गिराने का दावा भी किया था। विशेषज्ञों की मानें, तो भारतीय वायुसेना ने डिकॉय प्लेन्स का इस्तेमाल किया था और इन डमी प्लेन को गिराकर ही पाकिस्तानी पक्ष ऐसे दावे करता रहा है।