कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey of Love' की लॉन्चिंग के दौरान अपनी गर्लफ्रेंड का जिक्र किया। उन्होंने कैंब्रिज के दिनों का एक पुराना किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि वह अपनी गर्लफ्रेंड को उसी रेस्टोरेंट में ले गए थे, जहां उनके माता-पिता पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और सोनिया गांधी पहली बार मिले थे।

किताब लॉन्चिंग के दौरान मंच से भाषण देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि जब वह कैंब्रिज में थे, तो उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड से वार्सिटी रेस्टोरेंट चलने को कहा। उन्होंने बताया कि उनकी गर्लफ्रेंड को इसके बारे में कोई जानकारी नहीं थी। राहुल गांधी ने कहा कि वह यह देखना चाहते थे कि उनके माता-पिता पहली बार कहां मिले थे।

राहुल गांधी ने बताया कि रेस्टोरेंट पहुंचने पर उन्हें याद है कि वहां पीले रंग का दरवाजा था और एक सज्जन खड़े थे, जिन्होंने उनसे पूछा कि वे कितने लोग हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने दो लोग होने की बात कही, जिसके बाद उन्हें बैठाया गया और मेन्यू दिया गया। राहुल गांधी के अनुसार, उन्होंने वहां काम करने वाले कर्मचारी से कहा कि उनके माता-पिता इसी रेस्टोरेंट में मिले थे, और उस कर्मचारी ने दावा किया कि उसे उनके माता-पिता याद हैं।

राहुल गांधी ने हल्के-फुल्के अंदाज में रेस्टोरेंट के एक खास पकवान 'चिकन चॉसर' का भी जिक्र किया और मजाकिया लहजे में कहा कि अगर किसी को प्यार में पड़ना है तो उसे वर्सिटी रेस्टोरेंट जाना चाहिए, लेकिन वहां चिकन चॉसर खाने से बचना चाहिए। इसी भाषण में उन्होंने बताया कि उन्होंने ऐसा किसी और घर में नहीं देखा कि खाना खाते समय पापा की गोद में मम्मी बैठी हों। उन्होंने कहा कि उन्हें यह सामान्य बात लगती थी, और जब वे अपने दोस्त के घर जाते थे तो दोस्तों से पूछते थे कि उनकी मम्मी उनके पापा की गोद में क्यों नहीं बैठती हैं।