पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को अपराधियों और दुष्कर्मियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा सरकार मादक पदार्थों और अराजकता को बर्दाश्त नहीं करेगी। पश्चिम मेदिनीपुर में पुलिस के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के राज्य नहीं छोड़ने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अपराधियों से पुलिस को चुनौती न देने और कानून को अपने हाथ में न लेने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि कानून प्रवर्तन कर्मियों के खिलाफ हिंसा करने पर गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।

शुभेंदु अधिकारी ने कहा, ‘‘मादक पदार्थों को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाई जाएगी। गुंडागर्दी में शामिल न हों। पुलिस पर कभी गोली न चलाएं, इसका अंजाम बहुत बुरा होगा। कानून-व्यवस्था के साथ खिलवाड़ न करें, इसका नतीजा अच्छा नहीं होगा।’’ महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों में शामिल लोगों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों को प्रताड़ित न किया जाए और न ही उनकी हत्या की जाए। उन्होंने कहा कि अगर राज्य के किसी भी हिस्से में कोई गुंडा और दुष्कर्मी छिपा हुआ है तो वह जल्द से जल्द बंगाल छोड़ दे, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

यह चेतावनी रविवार को बीरभूम जिले में हुई पुलिस मुठभेड़ के एक दिन बाद आई है, जिसमें एक कांस्टेबल पर गोली चलाने का आरोपी मारा गया था। मई में बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद से राज्य में यह पांचवीं ऐसी घटना है। मृतक की पहचान रतन शेख के रूप में हुई। उस पर 13 नवंबर को शांतिनिकेतन इलाके में, उसे गिरफ्तार करने की कोशिश के दौरान, कांस्टेबल बिस्वजीत दास को गोली मारकर घायल करने का आरोप था।

इस बीच, बीरभूम जिले में कांस्टेबल को गोली मारने के मुख्य आरोपी रतन शेख की कथित पुलिस मुठभेड़ में मौत को लेकर सोमवार को भी राजनीतिक बयानबाजी जारी रही। विपक्षी दलों ने इस घटना पर सवाल उठाए, जबकि भाजपा सरकार ने पुलिस की कार्रवाई का बचाव किया। बीरभूम के पुलिस अधीक्षक भुंडेश ने सोमवार को फिर कहा कि पुलिस ने आरोपी पर गोली केवल आत्मरक्षा में चलाई थी। उन्होंने बताया कि शेख के दो साथियों रमेश लोहार और नूर हुसैन शेख को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, रविवार शाम जिले की पुलिस के साथ मुठभेड़ में शेख की मौत हो गई। 13 नवंबर को कांस्टेबल को गोली मारने में इस्तेमाल किए गए हथियार को बरामद करने के लिए उसे बीरभूम के नानूर इलाके के चाराकोल गांव में एक ईंट भट्ठे पर ले जाया गया था। एसपी ने कहा कि जब पुलिसकर्मी ईंट भट्ठे पर पूरी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू करने वाले थे, तभी शेख ने अचानक उन पर कई गोलियां चला दीं। गोलियां पुलिस की गाड़ी में लगीं, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी गोलीबारी की।