सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के लॉन्चिंग इवेंट के बाद राहुल गांधी ने X पर एक पोस्ट में लिखा कि अगर सोनिया गांधी को जानना है तो उन्हें एक बार उनकी नजरों से देखिए। राहुल ने उनके हौसले, संवेदनशीलता और मुश्किलों के बावजूद जिंदगी को प्यार से अपनाने की क्षमता का जिक्र करते हुए कहा कि यही उनकी मां हैं। उन्होंने बताया कि इस दौरान बचपन से अब तक की कई यादें ताजा हो गईं।
कार्यक्रम में राहुल गांधी ने अपने माता-पिता राजीव गांधी और सोनिया गांधी के रिश्ते पर बात की और अपनी कॉलेज गर्लफ्रेंड का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कैंब्रिज में वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ ‘वर्सिटी रेस्टॉरेंट’ गए थे, क्योंकि वह देखना चाहते थे कि उनके माता-पिता कहां मिले थे। राहुल के मुताबिक, वेटर ने उनके माता-पिता को जानने की बात कही और मेन्यू में ‘चिकन चैसर’ लेने की सलाह दी। राहुल ने कहा कि अगर प्यार में पड़ना है तो वर्सिटी रेस्टॉरेंट जाइए, लेकिन वहां ‘चिकन चैसर’ मत खाइए। गर्लफ्रेंड के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि अब वह एक दोस्त हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि उनके परिवार ने जिंदगी के दो अहम सहारे खोए। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी का जिक्र किया। राजीव गांधी की मौत के बाद सोनिया गांधी की जिंदगी बदल गई। राहुल ने किताब के नाम का अर्थ समझाते हुए कहा कि यह नाम इसलिए है क्योंकि उनकी मां अपने पिता से जुड़ी थीं और पिता उनसे जुड़े थे। उन्होंने कहा कि पिता के जाने के बाद उनकी मां ने एक अलग यात्रा शुरू की और मौज-मस्ती करने वाली तथा मुस्कुराने वाली मां गायब हो गईं।
राहुल ने अपने संबोधन की शुरुआत में कहा कि उन्हें कार्यक्रम को गैर-राजनीतिक रखने के सख्त निर्देश मिले थे और वह उनका पालन करेंगे। उन्होंने कहा कि एक बेटे के रूप में उन्हें लगा कि अपनी मां की थोड़ी झलक लोगों के सामने रखनी चाहिए। हार्परकॉलिन्स इंडिया के सीईओ अनंत पद्मनाभन के अनुसार, 10 नवंबर को लॉन्च हुई इस किताब की एक हफ्ते से भी कम समय में दो लाख से अधिक प्रतियां बिक चुकी हैं। उन्होंने बताया कि रिलीज के दिन 10 मिनट से भी कम समय में 15,000 से ज्यादा कॉपियां डिलीवर की गईं।
