कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को परिसीमन बिल पर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा देश को तानाशाही की ओर धकेल रही है और वोट चोरी छिपाने के लिए परिसीमन करवा रही है। राहुल गांधी ने कहा कि वे भाजपा को इसमें कामयाब नहीं होने देंगे।
पत्रकारों से बात करते हुए राहुल गांधी ने दावा किया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और सीईसी ज्ञानेश कुमार को घेर लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने ईवीएम और वोटिंग प्रोसेस पर कब्जा कर लिया है और अब पूरे चुनाव क्षेत्र के स्ट्रक्चर को खत्म करना चाहती है। उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि 2024 का लोकसभा चुनाव अवैध था।
जाति जनगणना के मुद्दे पर राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि कास्ट सेंसस को किनारे कर दिया गया है और 2027 की सेंसस को बेमतलब कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि 2011 की सेंसस का इस्तेमाल किया जाएगा और 2051 तक सब कुछ फ्रीज कर दिया जाएगा, जिससे 40 साल तक सोशल जस्टिस को भुला दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यकों के अधिकार कमजोर होंगे।
राहुल गांधी ने कहा कि उनकी पार्टी एक बायपार्टिसन डिलिमिटेशन कमीशन चाहती है। उन्होंने बताया कि महिलाओं का रिजर्वेशन 850 सीटों पर और ओबीसी के लिए सब-कोटा के साथ 543 सीटों पर होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पोलिंग के मुताबिक 80 फीसदी भारत और लगभग 100 फीसदी जेन जेड मानते हैं कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार चुनाव चुरा लेते हैं।
