सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के लॉन्चिंग इवेंट में राहुल गांधी ने पहली बार अपनी गर्लफ्रेंड का जिक्र किया। जब उनसे पूछा गया कि अब वह गर्लफ्रेंड कहां है, तो राहुल ने मुस्कुराते हुए कहा- "अब वह एक दोस्त हैं।" इवेंट के बाद X पर एक पोस्ट में राहुल ने बताया कि इस दौरान बचपन से अब तक की कई यादें ताजा हो गईं।
कार्यक्रम में राहुल ने अपने माता-पिता राजीव और सोनिया के रिश्ते पर बात की। उन्होंने बताया कि वह कैम्ब्रिज में अपनी गर्लफ्रेंड के साथ ‘वर्सिटी रेस्टॉरेंट’ गए थे, क्योंकि वह देखना चाहते थे कि उनके माता-पिता कहां मिले थे। राहुल के मुताबिक, वेटर ने उनसे कहा कि वह उनके माता-पिता को जानता है। राहुल ने बताया कि वेटर ने ‘चिकन चैसर’ लेने की सलाह दी, जिसके बाद उन्होंने कहा कि अगर प्यार में पड़ना चाहते हैं तो वर्सिटी रेस्टॉरेंट जाइए, लेकिन वहां ‘चिकन चैसर’ मत खाइयेगा। सोनिया की ओर इशारा करते हुए राहुल ने कहा कि उन्हें शायद याद है कि खाना बहुत खराब था।
राहुल ने कहा कि राजीव गांधी की हत्या के बाद सोनिया गांधी की जिंदगी पूरी तरह बदल गई। उन्होंने कहा, “यह उनके लिए बहुत डरावना समय था, क्योंकि उन्हें पता था कि ऐसा होने वाला है।” राहुल ने कहा कि किताब का नाम ‘बिलॉन्गिंग’ है, क्योंकि उनकी मां उनके पिता से जुड़ी थीं और उनके पिता उनसे जुड़े थे। उन्होंने कहा कि पिता के जाने के बाद सोनिया ने एक अलग यात्रा शुरू की और मौज-मस्ती करने वाली मां गायब हो गईं।
राहुल ने अपने संबोधन की शुरुआत में कहा कि उन्हें कार्यक्रम को गैर-राजनीतिक रखने के सख्त निर्देश मिले थे। उन्होंने कहा कि एक बेटे के रूप में उन्हें लगा कि अपनी मां की थोड़ी झलक भी दिखानी चाहिए। हार्परकॉलिन्स इंडिया के सीईओ अनंत पद्मनाभन के अनुसार, एक हफ्ते से भी कम समय में किताब की दो लाख से अधिक प्रतियां बिक चुकी हैं। किताब 10 नवंबर को लॉन्च की गई थी और रिलीज के दिन 10 मिनट से भी कम समय में 15,000 से ज्यादा कॉपियां डिलीवर की गईं।
