रामबन जिले की तहसील ठाठा गनोत के भट्टी इलाके में रविवार तड़के भीषण आग लग गई, जिसमें चार रिहायशी मकान जलकर राख हो गए। आग से चार परिवारों को भारी नुकसान पहुंचा है। अधिकारियों के अनुसार घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह ठाठा गनोत गांव के भट्टी इलाके में अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते आग ने आसपास के चार रिहायशी मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रभावित मकान मालिकों की पहचान बशीर अहमद पुत्र इलम दीन, फिरदौस अहमद पुत्र बशीर अहमद, मोहम्मद इसराइल पुत्र इलम दीन और इम्तियाज अहमद पुत्र बशीर अहमद के रूप में हुई है। सभी ठाठा गनोत गांव के निवासी हैं।

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा, एसडीआरएफ रामबन और सिविल क्यूआरटी की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना पर उपायुक्त रामबन मोहम्मद इलियास खान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनन्या सिन्हा भी पुलिस व आपातकालीन प्रतिक्रिया दलों के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराने के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।