मुंबई इंडियंस ने शुक्रवार को रोहित शर्मा को दोबारा टीम की कप्तानी सौंप दी है। रोहित ने आखिरी बार साल 2023 में मुंबई की कप्तानी की थी और चार साल बाद वह एक बार फिर टीम की कमान संभालेंगे। फ्रैंचाइजी ने यह जानकारी शुक्रवार को दी। आईपीएल का 20वां संस्करण 10 मार्च से 15 मई 2027 के बीच खेला जाएगा।

इस दौरान रोहित की उम्र 39 साल और 314 दिन होगी, जिसके चलते उनका नाम आईपीएल इतिहास के सबसे उम्रदराज कप्तानों में शामिल हो गया है। वह इस सूची में सातवें स्थान पर हैं और उन्होंने अनिल कुंबले को पीछे छोड़ा है, जिन्होंने 39 साल और 189 दिन की उम्र में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की कप्तानी की थी। रोहित की अगुवाई में मुंबई इंडियंस पांच बार आईपीएल ट्रॉफी जीत चुकी है।

इस सूची में पहले नंबर पर महेंद्र सिंह धोनी हैं, जिन्होंने 25 मई 2025 को 43 साल और 322 दिन की उम्र में चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी की थी। दूसरे स्थान पर शेन वॉर्न (41 साल, 249 दिन) हैं, जिन्होंने 2011 में राजस्थान रॉयल्स की कमान संभाली थी। तीसरे नंबर पर एडम गिलक्रिस्ट (41 साल, 185 दिन) हैं, जिन्होंने 2013 में किंग्स इलेवन पंजाब की कप्तानी की थी।

चौथे स्थान पर फाफ डु प्लेसिस (40 साल, 312 दिन) हैं, जिन्होंने 2025 में दिल्ली कैपिटल्स की कमान संभाली थी। पांचवें नंबर पर राहुल द्रविड़ (40 साल, 133 दिन) हैं, जो 2013 में राजस्थान के कप्तान थे। छठे स्थान पर सौरव गांगुली (39 साल, 316 दिन) हैं, जिन्होंने आईपीएल 2012 में पुणे वॉरियर्स की कप्तानी की थी।