मध्यप्रदेश के रतलाम से पंजाब में एक जन्मदिन समारोह में शामिल होने जा रहे एक परिवार के तीन सदस्यों की रोहतक में सड़क हादसे में मौत हो गई। जम्मू-कटरा हाईवे पर रिठाल गांव के पास नो पार्किंग जोन में खड़े ट्रक से उनकी स्विफ्ट डिजायर कार पीछे से टकरा गई। हादसे में पति-पत्नी और उनके 23 वर्षीय बेटे की मौके पर ही जान चली गई।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान रतलाम के इंदिरा नगर निवासी 50 वर्षीय करमजीत सिंह सिद्धू, उनकी 48 वर्षीय पत्नी पवनदीप कौर और 23 वर्षीय बेटे अमरेन्द्र सिंह के रूप में हुई है। करमजीत फाइनेंस के साथ टूर एंड ट्रैवल का कारोबार करते थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पंजाब के लुधियाना निवासी देविंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी रिश्तेदार पवनदीप कौर अपने पति और बड़े बेटे के साथ शुक्रवार सुबह रतलाम से पंजाब के गांव बिनझल के लिए रवाना हुई थीं। सुबह करीब 6:15 बजे सदर थाना क्षेत्र में रिठाल गांव के पास उनकी कार नो पार्किंग जोन में खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, ट्रक चालक ने वाहन नो पार्किंग क्षेत्र में बिना किसी इंडिकेटर के खड़ा किया हुआ था। आसपास के लोगों से पूछताछ में चालक की पहचान कैथल निवासी गुरमेल सिंह के रूप में हुई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हादसे की सूचना के बाद परिजन और रिश्तेदार पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। पवनदीप कौर की मौसी की बेटी नम्रता ने बताया कि वह नोएडा से रोहतक पहुंची हैं। पवनदीप के दो बेटे थे। छोटा बेटा गुरविंद्र मध्यप्रदेश में रहकर पढ़ाई कर रहा है, जबकि बड़े बेटे अमरेन्द्र सिंह की पुणे में नौकरी लगी थी। देविंद्र सिंह के अनुसार, परिवार पंजाब के गांव बिनझल में अपनी भतीजी के जन्मदिन पर आयोजित अखंड पाठ में शामिल होने जा रहा था। पवनदीप कौर का मायका लुधियाना में था और परिवार का पंजाब आना-जाना रहता था। पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और ट्रक चालक की तलाश तथा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
