लखनऊ: समाजवादी पार्टी ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए अपने प्रणपत्र में 2022 के कई वादों को दोबारा जगह दी है। पार्टी के प्रणपत्र में करीब 30 प्रतिशत वादे ऐसे हैं, जिन्हें 2027 के प्रणपत्र में विस्तार दिया गया है। पिछली बार सरकार बनने पर लागू किए जाने वाले कई वादे अमल में नहीं आ सके थे, लेकिन अब पार्टी ने उन्हें छोड़ने के बजाय मैनिफेस्टो में फिर से शामिल किया है।
कृषि और ग्रामीण विकास से जुड़े कई मुद्दों को पार्टी ने अब भी प्रासंगिक माना है। गन्ना किसानों के भुगतान के लिए 2022 में भी कोष का ऐलान किया गया था; इस बार अलग कोष के साथ 10,000 करोड़ रुपये का कॉरपस फंड बनाने का वादा किया गया है। किसानों को कर्जमुक्त करने का लक्ष्य 2025 से बदलकर 2031 कर दिया गया है, जबकि किसान उत्पादक समूहों का लक्ष्य 1,500 से बढ़ाकर 7,500 किया गया है। सभी जिलों में किसान बाजार बनाने का वादा भी प्रणपत्र में है।
रोजगार और युवा क्षेत्र में वार्षिक कौशल प्रशिक्षण का लक्ष्य पांच लाख से बढ़ाकर 20 लाख युवाओं का किया गया है। सभी जिलों में समाजवादी आवासीय मॉडल स्कूल और 12वीं पास छात्र-छात्राओं को लैपटॉप देने का वादा 2022 की तरह इस बार भी प्रणपत्र में दोहराया गया है।
कई घोषणाओं में सिर्फ लक्ष्य बदले गए हैं। ग्रामीण विकास आवंटन लगभग एक लाख करोड़ से बढ़ाकर 1.5 लाख करोड़ रुपये, समाजवादी पेंशन 18,000 से 40,000 रुपये सालाना और समाजवादी थाली 10 रुपये से 5 रुपये करने का वादा किया गया है। फूड प्रोसेसिंग क्लस्टर पांच से नौ कृषि जलवायु क्षेत्रों तक बढ़ाने, फोर लेन जिला संपर्क का लक्ष्य 2024 से 2030 करने, एक करोड़ एमएसएमई रोजगार का लक्ष्य 2027 से 2032 करने और स्पोर्ट्स कॉलेज पांच से 10 करने की घोषणा भी प्रणपत्र में शामिल है।
