उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री और दिवंगत नेता कल्याण सिंह के पोते संदीप सिंह की शादी 26 नवंबर को दिल्ली में हुई। उनके छोटे भाई सौरभ सिंह ने भी सात फेरे लिए। दोनों भाइयों के रिसेप्शन का कार्यक्रम 27 नवंबर को हुआ। यह आयोजन जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के द जोरा बैंक्वेट में हुआ।
मंत्री संदीप सिंह की शादी उनकी बचपन की दोस्त मेघना चौधरी के साथ हुई। रिसेप्शन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे, जबकि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शादी समारोह में शामिल हुईं और दोनों जोड़ों को आशीर्वाद दिया। समारोह में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक तथा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
दुल्हन मेघना चौधरी ने शादी में सिंदूरी रंग का भारी ब्राइडल लहंगा पहना था, जिसके साथ मैचिंग शियर दुपट्टा सिर पर ओढ़ा था। लहंगे पर पारंपरिक भारतीय कारीगरी के साथ सुनहरे और हरे रंग के धागों व सितारों का बारीक काम किया गया था। उनका मेकअप नैचुरल और ग्लोइंग रखा गया था। गले में कुंदन और मोतियों से जड़ा शाही चोकर सेट, माथे पर मांगटीका, कानों में झुमके और नाक में पारंपरिक नथ पहनी थी।
शादी और रिसेप्शन के दौरान स्टेज पर संदीप और सौरभ की दादी रामवती देवी भी मौजूद रहीं। गणमान्य लोगों ने नवदंपती को आशीर्वाद देने के बाद उनसे भी मुलाकात की। तस्वीरें संदीप सिंह के आधिकारिक एक्स हैंडल से साझा की गई हैं।
