पूर्वी चंपारण में गंडक नदी पर बना सत्तरघाट पुल महज छह साल में जर्जर हो गया है। पुल की सड़क पर कई जगह दरारें उभर आई हैं और जगह-जगह सरिये बाहर निकल आए हैं, जिससे इस पुल से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। बावजूद इसके, अब तक मरम्मत को लेकर कोई ठोस पहल होती नहीं दिख रही है।

बताया जाता है कि गोपालगंज और पूर्वी चंपारण के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग को देखते हुए सरकार ने 263.47 करोड़ रुपये की लागत से इस पुल का निर्माण कराया था। तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 16 जून 2020 को इसका उद्घाटन किया था। महज छह वर्षों में पुल की बदहाल स्थिति निर्माण की गुणवत्ता और रखरखाव पर सवाल खड़े कर रही है।

यह पुल गंडक नदी पर गोपालगंज के बैकुंठपुर प्रखंड और पूर्वी चंपारण के केसरिया प्रखंड के बीच स्थित है। कुल 1440 मीटर लंबे इस पुल का निर्माण बिहार राज्य पुल निर्माण निगम द्वारा कराया गया था, जिसमें सात वर्ष आठ महीने का समय लगा था। इस पुल से सिवान, छपरा और गोपालगंज होते हुए उत्तर बिहार के कई जिलों तक आवागमन सुगम हुआ है। पुल पर प्रतिदिन सैकड़ों छोटी-बड़ी गाड़ियों का परिचालन होता है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पुल काफी दिनों से जर्जर स्थिति में है, लेकिन इसकी सुध लेने अब तक कोई प्रशासनिक पदाधिकारी नहीं पहुंचे हैं। लोगों ने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से पुल की तत्काल जांच कराकर मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि किसी संभावित दुर्घटना से पहले आवश्यक कदम उठाया जा सके।