शिवहर में जीविका से जुड़े जरूरतमंद परिवारों को शौचालय निर्माण के लिए 10 हजार रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण दिया जाएगा। जिला विकास आयुक्त (डीडीसी) संजय कुमार ने जीविका के समन्वय से प्रावधानों के तहत यह सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है, ताकि राशि की कमी से निर्माण कार्य न रुके।

समाहरणालय में स्वच्छता कार्यों की समीक्षा बैठक में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण और लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान की प्रगति पर चर्चा की गई। बैठक में विश्व शौचालय दिवस पर 19 नवंबर से 10 दिसंबर 2026 तक चलने वाले स्वच्छ शौचालय गरिमामय भविष्य अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।

डीडीसी ने शौचालय निर्माण, मरम्मत, नियमित उपयोग और रखरखाव को प्राथमिकता देने तथा शौचालयविहीन परिवारों की पहचान कर काम में तेजी लाने को कहा। प्रखंड समन्वयकों को ऐसे परिवारों को निर्माण व उपयोग के लिए प्रेरित करने और महादलित टोलों में सामुदायिक उत्प्रेरण व व्यवहार परिवर्तन के माध्यम से पात्र परिवारों को जोड़ने के निर्देश दिए गए।

बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, ग्राम पंचायत भवनों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के शौचालयों को चालू हालत में रखने तथा महिलाओं, बालिकाओं और दिव्यांगजनों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा गया। अनुपयोगी शौचालयों की मरम्मत के साथ एकल गड्ढा और सेप्टिक टैंक वाले शौचालयों में तकनीकी सुधार व रेट्रोफिटिंग के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों को लंबित स्वच्छता सेवा आकलन का काम 30 नवंबर तक पूरा करने को कहा गया है।