भारत-नेपाल सीमा पर बढ़नी चौकी पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 50वीं वाहिनी के जवानों ने एक नेपाली नागरिक को 3.85 लाख रुपये की भारतीय मुद्रा के साथ पकड़ा है। एसएसबी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 20 नवंबर को जवान सीमा स्थित जांच चौकी पर तैनात थे, जब भारत से नेपाल जा रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी में उसके नीले रंग के जैकेट से 500 रुपये के 770 नोट यानी 3,85,000 रुपये बरामद हुए।
पूछताछ में व्यक्ति ने अपनी पहचान पुरुषोत्तम सापकोटा (57), निवासी रम्भा, जिला पाल्पा, नेपाल के रूप में बताई। उसने बताया कि वह गाजियाबाद के इंदिरापुरम से यह रकम लेकर नेपाल के पाल्पा जा रहा था।
जवानों ने उसे भारत से नेपाल जाते समय 25 हजार रुपये से अधिक भारतीय मुद्रा ले जाने पर प्रतिबंध की जानकारी दी। इसके बाद बीआईटी कमांडर ने जब्ती से संबंधित आवश्यक अभिलेख तैयार कर आरोपित और बरामद धनराशि को अग्रिम कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय बढ़नी को सौंप दिया।
