सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के मदुरै स्थित सुब्रमण्य स्वामी मंदिर प्रशासन को 24 नवंबर को थिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी की चोटी पर बने प्राचीन पत्थर के स्तंभ दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दी है। यह अनुमति सिर्फ इस साल के लिए एक बार दी गई है। दीपथून पर दीप जलाने को लेकर मंदिर और पहाड़ी के पास स्थित हजरत सुल्तान सिकंदर बदूशा औलिया दरगाह के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। दीपथून दरगाह से करीब 50 मीटर दूर है। कई दशकों से मंदिर में कार्तिगई दीपम पहाड़ी की निचली ढलान पर बने दीप मंडपम में जलाया जाता रहा है। हिंदू संगठनों की मांग है कि दीप पहाड़ी की चोटी पर स्थित दीपथून पर जलाया जाए, जबकि दरगाह प्रबंधन निचली ढलान पर दीप जलाने की पुरानी परंपरा का हवाला देता है।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इस मामले में कई अहम कानूनी सवाल जुड़े हैं, जिनमें अलग-अलग धार्मिक दावे, संविधान के अनुच्छेद 25 और 26 के तहत धार्मिक स्वतंत्रता और धार्मिक परंपराओं से जुड़े मामलों में अदालत की समीक्षा की सीमा शामिल है। कोर्ट ने अपीलों में शामिल बाकी पक्षों को भी नोटिस जारी किया है। सभी पक्षों को छह सप्ताह के भीतर अपना जवाब दाखिल करना होगा, इसके बाद जवाब पर अपना पक्ष रखने के लिए तीन सप्ताह का समय दिया गया है। मामले की अगली सुनवाई जनवरी 2027 के दूसरे सप्ताह में होगी।

नवंबर 2025 में अधिकारियों ने दरगाह से नजदीकी और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका के चलते दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद दिसंबर 2025 में मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै बेंच के एकल जज ने मंदिर प्रशासन को दीपथून पर दीप जलाने का निर्देश दिया। 6 जनवरी 2026 को हाईकोर्ट की खंडपीठ ने भी इस आदेश को बरकरार रखते हुए मंदिर प्रशासन को ASI और पुलिस से सलाह लेकर रस्म पूरी करने को कहा था। हाईकोर्ट ने कहा था कि दीप जलाने के मुद्दे को राजनीतिक रंग दिया गया, जबकि यह लंबे समय से चली आ रही धार्मिक परंपरा से जुड़ा मामला है। तमिलनाडु सरकार ने हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। सरकार का कहना था कि दरगाह के पास पत्थर के स्तंभ पर दीप जलाने की अनुमति देने से देशभर के हजारों सर्वे स्तंभों को धार्मिक पहचान मिल सकती है। अगस्त 2026 में सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार की याचिका पर नोटिस जारी किया था।

थिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी मदुरै से करीब 8 किलोमीटर दूर है और यहां स्थित सुब्रमण्य स्वामी मंदिर भगवान मुरुगन को समर्पित है। इसे भगवान मुरुगन के छह प्रमुख निवास स्थानों में से एक माना जाता है और मंदिर को छठी शताब्दी का बताया जाता है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद शुक्रवार को पहाड़ी के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। श्रद्धालुओं और हिंदू संगठनों से जुड़े स्वयंसेवकों ने फैसले का स्वागत किया और कई लोगों ने नारियल फोड़कर खुशी जताई। भाजपा के पूर्व नेता के. अन्नामलाई ने भगवान मुरुगन के श्रद्धालुओं की ओर से सुप्रीम कोर्ट का धन्यवाद करते हुए उम्मीद जताई कि अदालत तथ्यों पर विचार कर अगले साल से दीपथून पर दीप जलाने की स्थायी अनुमति देगी। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें भरोसा है कि TVK सरकार कोर्ट के निर्देशों का पालन करेगी और रस्म में कोई रुकावट नहीं आने देगी।