सुप्रीम कोर्ट ने शनिवार को भाजपा विधायक राजेश कुमार सिंह की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें 2025 में मोहिउद्दीननगर (बिहार) विधानसभा क्षेत्र से उनके चुनाव को अमान्य घोषित करने की मांग वाली चुनाव याचिका को खारिज करने का अनुरोध किया गया था। सिंह ने पटना हाई कोर्ट के 12 अगस्त के आदेश को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। हाई कोर्ट ने चुनाव याचिका को खारिज करने की मांग वाली उनकी अर्जी को ठुकरा दिया था। अब विधायकी पर फैसला पटना हाई कोर्ट करेगा।
राजेश कुमार सिंह की याचिका पर जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की बेंच के सामने सुनवाई हुई। सिंह के वकील ने बेंच को बताया कि वे चुनाव जीतने वाले उम्मीदवार हैं और उनके खिलाफ एक चुनाव याचिका दायर की गई है, जिसमें आरोप है कि उन्होंने अपने आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी नहीं दी।
वकील ने दलील दी कि सिंह ने हाई कोर्ट में चुनाव याचिका को खारिज करने की अर्जी दी थी। उनका तर्क था कि यह याचिका कानून के हिसाब से नहीं है और इसमें कार्रवाई का कोई ठोस आधार नहीं बताया गया है।
