अगले हफ्ते तीन नए आईपीओ खुलने जा रहे हैं, जिनमें एक एसएमई और दो मेनबोर्ड के आईपीओ शामिल हैं। इन तीनों में श्री सिद्धिविनायक ग्रीनटेक इंडस्ट्रीज का आईपीओ एसएमई कैटेगरी का होगा, जबकि फूडलिंक F&B होल्डिंग्स (इंडिया) लिमिटेड और इंटीग्रिस मेडटेक के आईपीओ मेनबोर्ड के होंगे। निवेशक इन आईपीओ के प्राइस बैंड, लॉट साइज और जीएमपी की जानकारी ले सकते हैं।
श्री सिद्धिविनायक ग्रीनटेक इंडस्ट्रीज का आईपीओ 25 नवंबर को खुलेगा और 27 नवंबर को बंद होगा। इसका प्राइस बैंड 130 से 142 रुपये प्रति शेयर है और लॉट साइज 1000 शेयरों की है। यानी निवेशक को कम से कम 1000 शेयरों के लिए आवेदन करना होगा और उससे गुणा में शेयरों के लिए आवेदन किया जा सकेगा। इंवेस्टरगेन के अनुसार इसका जीएमपी फिलहाल 0 है। ध्यान रहे कि किसी भी कंपनी का जीएमपी लिस्टिंग से पहले घट या बढ़ सकता है।
फूडलिंक F&B होल्डिंग्स का आईपीओ 26 नवंबर को खुलकर 30 नवंबर को बंद होगा। इसका प्राइस बैंड 180 से 191 रुपये हो सकता है, हालांकि इसका आधिकारिक एलान होना बाकी है। लॉट साइज 78 शेयरों का हो सकता है, जिसका फाइनल एलान कंपनी करेगी। इंवेस्टरगेन के अनुसार इसका जीएमपी फिलहाल 12 रुपये है।
इंटीग्रिस मेडटेक का आईपीओ 27 नवंबर को खुलेगा और 1 दिसंबर को बंद होगा। इस आईपीओ के प्राइस बैंड और लॉट साइज का एलान अभी नहीं किया गया है। इंवेस्टरगेन के अनुसार इंटीग्रिस मेडटेक का जीएमपी फिलहाल 0 है। यहां दी गई जानकारी शेयर बाजार से जुड़ी है, निवेश की सलाह नहीं। बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है, इसलिए निवेश से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।
