सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक निर्देश के बाद तमिलनाडु की तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर आज दीप जलाया जाएगा। इस पहाड़ी की तलहटी में अरुलमिगु सुब्रमण्यम स्वामी यानी मुरुगन स्वामी का मंदिर है। सुबह से ही सीआरपीएफ के जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात हैं। जवानों के पहुंचने पर लोगों ने उनका स्वागत फूल बरसाकर किया। रात से ही रैपिड ऐक्शन फोर्स और सीआरपीएफ की टुकड़ियां अपनी चौकियां स्थापित करने में लगी हुई थीं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद यहां के 100 साल के संघर्ष का अंत हुआ है। उनके मुताबिक राज्य की सरकारें और पुलिस यहां कभी दीप नहीं जलवा पाईं। सीआरपीएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने घटनास्थल पर इस बात की पुष्टि की कि क्षेत्र में एक कंपनी तैनात की गई है, जो शाम के समारोह से पहले उच्च अधिकारियों से आगे के निर्देशों की प्रतीक्षा कर रही है। सूत्रों के मुताबिक मुस्लिम श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एहतियात के तौर पर दरगाह पर भी सीआरपीएफ के जवानों को तैनात किया गया है।

शीर्ष अदालत का यह हस्तक्षेप 24 नवंबर की उस घटना के बाद आया है, जब दीपथून स्तंभ पर पारंपरिक कार्तिगई दीपम नहीं जलाया गया था। अदालत के पहले के अंतरिम आदेश के बावजूद इस दीपक को उचिपिल्लैयार मंदिर के पास वाले स्थान पर जलाया गया था। जानकारी के मुताबिक कार्तिगई दीपम अनुष्ठान की तैयारी के तहत पहाड़ी की चोटी पर दीपथून के चारों ओर अस्थायी मंच और मचान का निर्माण किया जा रहा है। मंदिर के पुजारी और अदालत द्वारा नियुक्त रिसीवर की देखरेख में श्रमिक पारंपरिक दीया रखने तथा दीप प्रज्वलित करने के दौरान सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित करने के लिए यह इंतजाम कर रहे हैं।

भाजपा नेता डॉ. तमिलिसाई सौंदरराजन, एल. मुरुगन और नैनार नागेंद्रन के अलावा हिंदू मुन्नानी के प्रदेश अध्यक्ष कादेश्वर सुब्रमण्यम तथा अन्य नेता तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इन नेताओं को इससे पहले 24 नवंबर को स्थानीय पुलिस ने पहाड़ी पर जाने से रोक दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने पहाड़ी पर स्थित स्तंभ पर दीप जलाने का आदेश दिया है और तमिलनाडु के मुख्य सचिव समेत कई अधिकारियों को अवमानना का नोटिस भी भेजा है। पिछले साल मद्रास हाई कोर्ट के जज जीआर स्वामिनाथन ने स्तंभ पर दीप जलाने की अनुमति दी थी, लेकिन जिला प्रशासन ने कानून व्यवस्था का हवाला देकर आदेश लागू नहीं किया।