यूक्रेन ने दक्षिणी रूस को क्रीमिया प्रायद्वीप से जोड़ने वाले कर्च ब्रिज को ड्रोन और मिसाइल हमलों में फिर निशाना बनाया है। समाचार एजेंसी रॉयटर के अनुसार, मंगलवार को लगातार दूसरे दिन रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इस पुल पर हमला किया गया और इसे भारी नुकसान पहुंचने की खबर है। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि यह हमला यूक्रेन के बुनियादी ढांचों पर रूसी हमलों के जवाब में किया गया। वहीं, रूस ने दावा किया कि लगातार दूसरी रात बड़े पैमाने पर हुए हमलों के दौरान यूक्रेन के 1,400 से ज्यादा ड्रोन मार गिराए गए।

जेलेंस्की ने एक्स पर साझा किए गए वीडियो और तस्वीरों में पुल का एक हिस्सा कर्च स्ट्रेट में ढहता दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि रूस हर दिन पुलों समेत बुनियादी ढांचे पर हमले कर रहा है और युद्ध वहीं लौटता है, जहां से शुरू हुआ था। रूस की ओर से नियुक्त क्रीमिया के गवर्नर सर्गेई अक्स्योनोव ने बताया कि हमले में दो लोगों की मौत हुई और 19 किलोमीटर लंबे सड़क एवं रेल पुल पर यातायात रोक दिया गया है। हालांकि, क्रीमिया पुल को हुए नुकसान के बारे में रूस की ओर से आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं की गई है।

यूक्रेन का हिस्सा रहे क्रीमिया पर 2014 में कब्जे के बाद रूस ने कर्च स्ट्रेट के ऊपर इस पुल का निर्माण कराया था। रूस और क्रीमिया को सड़क और रेलमार्ग से जोड़ने वाला यह इकलौता पुल है। रूसी अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार को कुछ समय बाद पुल पर रेल सेवा फिर शुरू हो गई, जबकि कर्च स्ट्रेट पार करने वाले वाहन चालकों को फेरी का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि राष्ट्रपति को हमले के बारे में जानकारी दी गई है और पुल का ढांचा क्षतिग्रस्त हुआ है।

एपी के अनुसार, रूस की सेना ने यूक्रेन की राजधानी कीव को निशाना बनाकर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया, जिसमें दो प्रमुख पुलों को निशाना बनाया गया और दो लोगों की मौत हुई। पश्चिम यूक्रेन में रूसी हमले के चलते हंगरी ने दोनों देशों के बीच ट्रेनों की आवाजाही को निलंबित कर दिया है। इधर, यूक्रेन ने लगातार दूसरे दिन रूस पर बड़े पैमाने पर हमला किया। रूसी रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने 22 क्षेत्रों में 1,441 ड्रोन मार गिराए, जबकि सोमवार को 1,336 ड्रोन मार गिराए गए थे। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने कहा कि करीब 800 यूक्रेनी ड्रोन मास्को के आसपास के क्षेत्र की ओर आए थे, जिनमें से 321 को राजधानी की ओर बढ़ते समय मार गिराया गया।