यूक्रेन ने ड्रोन और मिसाइलों से रूस को कब्जे वाले क्रीमिया प्रायद्वीप से जोड़ने वाले केर्च ब्रिज को निशाना बनाया। राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने मंगलवार को यह जानकारी दी और इसे एक अभूतपूर्व अभियान बताया। उन्होंने दावा किया कि यूक्रेनी सेना ने हफ्तों तक रूसी वायु रक्षा प्रणालियों को कमजोर करने के बाद रात में बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। जेलेंस्की ने नुकसान की विस्तृत जानकारी नहीं दी।

यूक्रेनी सेना के अनुसार पुल के सड़क मार्ग का एक मेहराब और एक हिस्सा ढह गया, जिससे सड़क संपर्क टूट गया। रेल मार्ग बचा रहा, लेकिन मेहराब भी क्षतिग्रस्त हुआ। सेना ने कहा कि कब्जे का प्रतीक टूट गया है। केर्च ब्रिज रूस के क्रास्नोडार क्राई के तमन प्रायद्वीप और क्रीमिया के केर्च प्रायद्वीप को जोड़ता है और लगभग 19 किलोमीटर लंबा है। इसमें चार-लेन सड़क मार्ग और डबल लाइन रेलवे ट्रैक है। यह पुल रूस से क्रीमिया तक सैन्य और नागरिक आपूर्ति पहुंचाने की महत्वपूर्ण कड़ी है और 2014 में प्रायद्वीप पर रूस के कब्जे का प्रतीक माना जाता है।

रूस की जांच समिति ने भी पुल पर ड्रोन हमले और नुकसान की पुष्टि की, लेकिन अधिक जानकारी नहीं दी। क्रीमिया में रूस द्वारा नियुक्त गवर्नर सर्गेई अक्स्योनोव ने बताया कि पुल पर यातायात रोक दिया गया था, लेकिन मंगलवार दोपहर तक रेल यातायात बहाल कर दिया गया। उन्होंने किसी तरह के नुकसान का जिक्र नहीं किया। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि पुल को बहाल कर दिया जाएगा और यह पहले से बेहतर हो जाएगा।

इस बीच रूस के रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने लगातार दूसरी रात यूक्रेन के 1,441 ड्रोन मार गिराए। रूस ने सोमवार को कहा था कि उसने 1,336 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए, जो युद्ध के दौरान अब तक की सबसे अधिक संख्या थी। रूस द्वारा कीव में बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन से दो अहम पुलों को निशाना बनाए जाने की भी जानकारी दी गई, जिनमें कम से कम दो लोगों की मौत हुई।