अमेरिका में एंप्लॉयमेंट-बेस्ड ग्रीन कार्ड का इंतजार कर रहे भारतीय वर्कर्स के लिए एक नए प्रस्ताव से चिंता बढ़ी है। अमेरिकी डिपार्टमेंट ऑफ लेबर (DOL) ने परमानेंट लेबर सर्टिफिकेशन (PERM) प्रोसेस के लिए संशोधित ड्राफ्ट फॉर्म ETA-9089 जारी किया है। यह फॉर्म DOL के नवंबर 2026 के प्रस्तावित नियम के बाद जारी हुआ है, जिसका शीर्षक 'मॉडर्नाइजिंग द लेबर मार्केट टेस्ट एंड इम्प्रूविंग प्रोटेक्शंस फॉर यू.एस. वर्कर्स इन द परमानेंट लेबर सर्टिफिकेशन इमिग्रेंट वीजा प्रोग्राम' (2026-23370) है। अगर इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो कंपनियों के लिए भारतीयों को ग्रीन कार्ड के लिए स्पॉन्सर करना मुश्किल हो सकता है। फिलहाल भारतीयों के लिए ग्रीन कार्ड का वेटिंग टाइम पहले से ही काफी लंबा है।

प्रस्तावित फॉर्म के सेक्शन I के तहत कंपनियों को साइन की हुई रिक्रूटमेंट रिपोर्ट जमा करनी होगी। कंपनी को अपने सभी जॉब विज्ञापनों की कॉपी देनी होगी और PERM एप्लिकेशन के समय उन सभी अमेरिकी आवेदकों का रिज्यूमे भी जमा करना होगा। अभी ये दस्तावेज सिर्फ ऑडिट की जरूरत पड़ने पर दिखाने होते हैं। इसके अलावा, प्रश्न G.11 और G.12 में PERM एप्लिकेशन फाइल करने से पहले समान या मिलते-जुलते पॉजिशन पर हुई छंटनी की जानकारी देने की अवधि छह महीने से बढ़ाकर दो साल करने का प्रस्ताव है। इस दौरान छंटनी करने वाली कंपनियों को एपेंडिक्स C में प्रभावित पदों और कर्मचारियों को दी गई सूचनाओं की डिटेल्स देनी होगी। यह नियम कंपनियों के अपने दफ्तर और क्लाइंट-साइट, दोनों जगह हुई छंटनी पर लागू होगा।

भारतीय ग्रीन कार्ड आवेदकों के लिए यह समझना जरूरी है कि बदला हुआ फॉर्म अभी ड्राफ्ट में है और इससे मौजूदा समय में PERM को लेकर किसी तरह का बदलाव नहीं हो रहा है। DOL के प्रस्ताव पर अभी लोगों की राय ली जा रही है। जब तक फाइनल नियम लागू नहीं हो जाता, तब तक कंपनियों को 'फॉरेन लेबर एप्लीकेशन गेटवे' (FLAG) सिस्टम के जरिए मौजूदा फॉर्म ETA-9089 का ही इस्तेमाल जारी रखना होगा। यानी अभी आवेदकों को पुराने फॉर्म से ही अप्लाई करना होगा।