वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के अध्यक्ष राजेश वर्मा ने बृहस्पतिवार को गुरुग्राम के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में गुरुग्राम और मानेसर सहित पूरे जिले में शीतकालीन कार्ययोजना पर तेजी से काम करने और प्रदूषण नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए गए। राजेश वर्मा ने स्पष्ट किया कि प्रदूषण नियंत्रण का फोकस अब केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जिले के छोटे कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों की वायु गुणवत्ता पर भी नजर रखी जाएगी। इसके लिए तकनीक और निगरानी तंत्र को मजबूत किया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि कचरा संवेदनशील स्थानों पर निगरानी के लिए 20 एआई आधारित कैमरे लगाए जा चुके हैं, जबकि 150 अन्य कैमरे लगाने की योजना है। इनकी मदद से खुले में कचरा, सूखी पत्तियां और अन्य अपशिष्ट जलाने की घटनाओं पर नजर रखी जाएगी। इंटरनेट मीडिया और जनशिकायतों के आधार पर गुरुग्राम में 40 प्रदूषण हॉटस्पॉट चिह्नित किए गए हैं, जहां विशेष निगरानी की जाएगी। ड्रोन और गतिशील पीएम 2.5 सेंसर से मिलने वाले आंकड़ों को आयोग की 13सी पवन प्रणाली से जोड़ने की योजना है। राजेश वर्मा ने एनसीआर की प्रत्येक नगर परिषद और नगर पालिका क्षेत्र में दो-दो लो कॉस्ट सेंसर लगाने के निर्देश दिए, जबकि गुरुग्राम जिले में सोहना और पटौदी में विशेष रूप से मोबाइल सेंसर लगाए जाएंगे।
दिसंबर और जनवरी में बायोमास जलाने की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए ड्रोन से निगरानी मजबूत करने और संवेदनशील स्थानों पर नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए। धूल प्रदूषण नियंत्रित करने के लिए सड़कों की नियमित सफाई, मशीनों से सफाई, जीर्णोद्धार, चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने को कहा गया। नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं को खुले स्थानों पर धूल नियंत्रण के उपाय मजबूत करने, यातायात जाम वाले स्थानों की पहचान कर व्यवस्था सुगम बनाने और सड़क किनारे हरियाली बढ़ाने के निर्देश दिए गए। निर्माण एवं तोड़फोड़ गतिविधियों में ग्रेप के नियमों का सख्ती से पालन कराने को कहा गया।
आयोग ने परिवर्तन योजना, निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) अपशिष्ट प्रबंधन और घर-घर कूड़ा उठान की समीक्षा की। अधिकारियों को कचरे का उचित संग्रहण और निस्तारण सुनिश्चित करने, खुले में कूड़ा डालने पर रोक लगाने और छोटे कस्बों में सेकेंडरी कलेक्शन प्वाइंट की व्यवस्था सुधारने को कहा गया। सोशल मीडिया पर मिलने वाली नागरिक शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। सीएक्यूएम के सदस्य सचिव तरुण कुमार पिथोड़े ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को गैस सिलेंडरों की समय पर रिफिलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि एक सर्वे के अनुसार, पिछले 10 वर्षों में योजना के क्रियान्वयन से एनसीआर की वायु गुणवत्ता में 40 प्रतिशत तक सुधार दर्ज किया गया है। सर्दियों में खुले में अलाव जलाने की घटनाएं रोकने के लिए पर्याप्त रैन बसेरे और उनमें हीटर की व्यवस्था करने को कहा गया। राजेश वर्मा ने प्रदूषण नियंत्रण अभियान में आरडब्ल्यूए, बाजार संगठनों और शिक्षण संस्थानों को जोड़ने और जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
बैठक में आयोग के सदस्य (टेक्निकल) एसडी अत्री, सदस्य सचिव तरुण कुमार पिथोड़े, गुरुग्राम के डीसी उत्तम सिंह, झज्जर की डीसी वर्षा खंगवाल, गुरुग्राम नगर निगम आयुक्त डा. पंकज, मानेसर नगर निगम आयुक्त प्रदीप सिंह, झज्जर के एडीसी जगनिवास, गुरुग्राम नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त रविंद्र यादव सहित गुरुग्राम और झज्जर के प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
