दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सीएम कार्यकाल के दौरान मिला सरकारी आवास शुक्रवार से आम लोगों के लिए खोला जाएगा। पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी कि सबसे पहले मीडिया टूर कराया जाएगा, उसके बाद आम लोग टिकट लेकर बंगला अंदर से देख सकेंगे। जनता के लिए विजिट टिकट 20 रुपए रहने की संभावना है, जबकि वरिष्ठ नागरिकों और कॉलेज छात्रों की एंट्री फ्री होगी। वर्मा ने पोस्ट के साथ केजरीवाल के दिल्ली सीएम पद की पहली शपथ का वीडियो भी साझा किया और इसे भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति ने सरकारी गाड़ी तक इस्तेमाल नहीं करने की बात कही थी, इसके बावजूद उसने कई मकानों को गिराकर अपने लिए आलीशान आवास बनवाया। अरविंद केजरीवाल 2015 से 2024 तक, पूरे 9 साल इस बंगले में परिवार समेत रहे थे। भाजपा ने इसके रेनोवेशन के खर्च पर सवाल खड़ा किया था और बंगले को 'शीशमहल' नाम दिया था।

सरकार की योजना इस बंगले को कुछ समय तक आम लोगों के लिए खुला रखने की है, इसके बाद इसे निजी हॉस्पिटैलिटी कंपनी को सौंपने की तैयारी है। कंपनी यहां सरकारी कॉन्फ्रेंस, लंच और बैठकों का आयोजन कर सकती है। इस संबंध में प्रक्रिया जल्द पूरी होने की उम्मीद है। बंगले की साफ-सफाई और देखभाल के लिए करीब 10 कर्मचारी तैनात हैं। केजरीवाल के परिवार के बंगला खाली करने के बाद पीडब्ल्यूडी ने इसके अंदरूनी हिस्सों का विस्तृत ऑडिट भी कराया था।

दिल्ली विधानसभा में पिछले साल पेश सीएजी रिपोर्ट के मुताबिक, केजरीवाल के बंगले के रेनोवेशन पर 33.66 करोड़ रुपए खर्च किए गए थे। यह खर्च शुरुआती अनुमानित लागत 7.91 करोड़ रुपए से करीब 342% ज्यादा था। रिपोर्ट के अनुसार, इसमें से करीब 18.88 करोड़ रुपए महंगे इंटीरियर, सजावटी और एंटीक सामान पर खर्च हुए। सीएजी ने प्रोजेक्ट में नियमों की अनदेखी, फंड के गलत इस्तेमाल और लागत में भारी बढ़ोतरी जैसी अनियमितताओं का जिक्र किया है।

साल 2022 में दिल्ली गवर्नर वीके सक्सेना के निर्देश पर दिल्ली सरकार के विजिलेंस डिपार्टमेंट ने इसके रेनोवेशन में गड़बड़ी और कीमत से ज्यादा खर्च की जांच की थी। इस मामले की सीबीआई जांच भी चल रही है, जिसकी शिकायत भाजपा विधायक और तत्कालीन विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता ने की थी।