एशिया कप राइजिंग स्टार्स के सेमीफाइनल में गुरुवार को इंडिया ए को श्रीलंका ए के खिलाफ 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में अंपायरों के कुछ फैसले विवाद में आ गए, जिनका खामियाजा भारतीय टीम को उठाना पड़ा। सोशल मीडिया पर इन फैसलों के वीडियो वायरल हो रहे हैं और फैंस लगातार अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
भारतीय पारी के 37वें ओवर में रविंदु फर्नांडो की अपील पर अंपायर ने उप-कप्तान रिंकू सिंह को एलबीडब्ल्यू आउट करार दिया, जबकि रिंकू ने बल्ले का किनारा लगने का इशारा किया। इस टूर्नामेंट में डीआरएस की सुविधा नहीं होने के कारण रिंकू के पास फैसले को चुनौती देने का विकल्प नहीं था और उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा।
गेंदबाजी के दौरान भी भारतीय खिलाड़ियों को अंपायरिंग से निराशा हाथ लगी। बाएं हाथ के स्पिनर शाहबाज अहमद ने लुसिथ क्रूसपुले का बल्ला चकमा देकर उन्हें पैड पर गेंद मारी, लेकिन अंपायर ने आउट नहीं दिया। उस समय क्रूसपुले 65 रन पर खेल रहे थे और बाद में उन्होंने शतक जड़कर श्रीलंका की जीत में अहम भूमिका निभाई। इसी तरह हर्ष दुबे की गेंद पर मदुश्का रिवर्स स्वीप के प्रयास में चकमा खा गए और गेंद उनके पैड पर लगी, फिर भी अंपायर ने उन्हें नॉटआउट करार दिया।
भारत ने श्रीलंका के सामने 318 रन का लक्ष्य रखा था, जिसे मेजबान टीम ने क्रूसपुले और सिनेथ जयवर्धने की शतकीय पारियों की बदौलत 41.3 ओवर में ही हासिल कर लिया।
