गुजरात के वडोदरा स्थित पारूल यूनिवर्सिटी में 25 नवंबर को हुए 'द लावारी शो' को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर शो के वीडियो सामने आने के बाद आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है। वीडियो में कॉमेडियन भुवन बाम अश्लील टिप्पणियां करते और महिला कलाकार के सामने अश्लील इशारा करते नजर आ रहे हैं। शो के दौरान अभिनेत्री संजीदा शेख शादी को लेकर बात कर रही थीं, इसी बीच भुवन बाम ने अश्लील टिप्पणी की। वीडियो वायरल होने के बाद इसका विरोध शुरू हो गया है।
कई यूजर्स ने भी इस मामले में नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि गुजरात और गुजराती लोग अपनी संस्कृति, संस्कार और सभ्य भाषा के लिए जाने जाते हैं। वडोदरा को संस्कारी नगरी कहा जाता है, लेकिन यहां ऐसे कार्यक्रमों में महिलाओं के खिलाफ टिप्पणियां, अश्लील बातें और आपत्तिजनक हरकतें हो रही हैं, जिससे सामाजिक मूल्यों को नुकसान पहुंच रहा है। यूजर्स ने सरकार से 'लवारी' शो पर तत्काल प्रतिबंध लगाने और ऐसे कार्यक्रमों पर रोक लगाने की मांग की है।
सोशल एक्टिविस्ट और हिंदू नेता काजल हिंदुस्तानी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके शो 'लवारी' के निर्माताओं पर अश्लीलता फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने गुजराती संस्कृति और परंपराओं की सीमाओं को बनाए रखने के लिए शो को तुरंत बंद करने की मांग की है और दावा किया है कि प्रसिद्धि पाने के लिए समय रैना और रणवीर इलाहाबादिया की शैली की नकल की गई है।
भुवन बाम 2018 में 'टीटू टॉक्स' नाम से सेलिब्रिटी इंटरव्यू सीरीज शुरू करके चर्चा में आए थे, जिसमें शाहरुख खान, करण जौहर, एसएस राजामौली, राम चरण और जूनियर एनटीआर जैसी हस्तियां शामिल हुईं। 2021 में उन्होंने अपनी प्रोडक्शन कंपनी के तहत वेब सीरीज 'ढिंढोरा' रिलीज की, जिसमें उन्होंने नौ अलग-अलग किरदार निभाए। 2023 में डिज्नी प्लस हॉटस्टार की सीरीज 'ताजा खबर' से ओटीटी पर मुख्य अभिनेता के तौर पर शुरुआत की, जिसमें उनके वसंत गावड़े के किरदार को काफी पसंद किया गया। 2024 में इस सीरीज का दूसरा सीजन भी रिलीज हुआ।
