हरियाणा में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने नागरिक उड्डयन विभाग उनसे वापस लिए जाने पर सफाई दी है। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने खुद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से आग्रह कर यह विभाग उन्हें देने को कहा था। गोयल ने इसे सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया बताया और कहा कि इसे राजनीतिक संदेश के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए।

चंडीगढ़ में पहली बार सार्वजनिक मंच से इस मामले पर बोलते हुए गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री और पार्टी का विशेषाधिकार है कि किसी मंत्री को कितने विभाग दिए जाएं। उनके अनुसार, अगर सरकार या पार्टी को उनसे कोई राजनीतिक संदेश देना होता तो नागरिक उड्डयन की जगह कोई दूसरा विभाग वापस लिया जा सकता था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चाहें तो सभी विभाग वापस ले सकते हैं और चाहें तो अन्य विभाग दे सकते हैं।

गोयल ने विभाग की कार्यप्रणाली का जिक्र करते हुए बताया कि यह आम जनता के सीधे कामकाज से जुड़ा विभाग नहीं है और उनके पास रहते हुए इस विभाग के काम के लिए कोई पब्लिक कभी नहीं आई। विभाग के पास दो हेलीकॉप्टर और एक विमान हैं, जिनकी जरूरत मुख्यमंत्री और राज्यपाल को पड़ती रहती है और इनके संचालन के लिए पायलटों की व्यवस्था भी जरूरी है।

उन्होंने बताया कि करीब 15 दिन पहले हुई एक बैठक में उन्होंने खुद मुख्यमंत्री से आग्रह किया था। उनके मुताबिक, मुख्यमंत्री दो-तीन दिन ही चंडीगढ़ में रहते हैं, जबकि बाकी समय विधानसभा क्षेत्र और प्रदेश के दौरों में बिताते हैं, वहीं आईएएस अधिकारी पूरे सप्ताह चंडीगढ़ में रहकर विभागीय कामकाज संभालते हैं। ऐसे में यह विभाग मुख्यमंत्री के पास रहने से समन्वय और कामकाज आसान होगा। विभागीय बदलाव के बाद गोयल के पास अब शहरी स्थानीय निकाय तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की जिम्मेदारी है, जबकि नागरिक उड्डयन विभाग मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने पास रखा है।