विदेश यात्रा के दौरान इंटरनेट कनेक्टिविटी आसान बनाने के लिए WhatsApp ने इन-एप Travel eSIM फीचर की आधिकारिक घोषणा की है। कंपनी के मुताबिक, यूजर्स जल्द ही सीधे मैसेजिंग एप के जरिए डेटा eSIM खरीद और इंस्टॉल कर सकेंगे। इसका मकसद दूसरे देश में लैंड करने के बाद मोबाइल डेटा का एक्सेस आसान बनाना है, ताकि यात्रियों को एयरपोर्ट पर लोकल SIM कार्ड न खरीदना पड़े या पब्लिक Wi-Fi पर निर्भर न रहना पड़े।
डेवलपमेंट स्टेज में मौजूद यह फीचर यात्रियों को महंगे इंटरनेशनल रोमिंग चार्ज से बचने में भी मदद कर सकता है। कंपनी का कहना है कि ट्रैवल eSIM इंस्टॉल करने के बाद भी यूजर्स अपने मौजूदा फोन नंबर के साथ ही WhatsApp का इस्तेमाल जारी रख सकेंगे और उन्हें अपने WhatsApp अकाउंट से जुड़ा नंबर बदलने की जरूरत नहीं होगी।
एक ब्लॉग पोस्ट में WhatsApp ने बताया कि वह eSIM प्रोवाइडर्स और टेलीकॉम ऑपरेटर्स के साथ मिलकर यह इन-एप ऑप्शन विकसित कर रहा है। दावा किया गया है कि इस प्रोसेस में केवल कुछ ही टैप्स लगेंगे। इस फीचर को कई eSIM प्रोवाइडर्स और टेलीकॉम ऑपरेटर्स के साथ पार्टनरशिप में डेवलप किया जा रहा है, जिनमें भारत में Jio और दूसरे देशों में Smart Axiata, Smart Communications और Verizon शामिल हैं।
WhatsApp ने अभी तक कीमत, उपलब्ध डेटा प्लान्स या उन देशों के बारे में डिटेल्स साझा नहीं की हैं जहां यह सर्विस शुरुआत में ऑफर की जाएगी। कंपनी जल्द ही चुनिंदा देशों में इस फीचर को रोल आउट करना शुरू करेगी और उपलब्ध होने पर एलिजिबल यूजर्स इसे सीधे एप के अंदर एक्सेस कर सकेंगे। WhatsApp के हेड कुणाल शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में eSIM सर्विसेज की शुरुआती तैयारियों का संकेत दिया और eSIM पार्टनर्स को इस पहल में शामिल होने के लिए इनवाइट किया। यह अनाउंसमेंट उस पिछली रिपोर्ट के बाद आई है, जिसमें WhatsApp for Android वर्जन 2.26.47.10 में Travel eSIM फीचर के रेफरेंस पाए गए थे।
