उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पैतृक गांव पंचूर में निधन हो गया। वह 91 साल की थीं और लंबे समय से बीमार थीं। उनके परिवार में चार बेटे और तीन बेटियां हैं, जिनमें योगी आदित्यनाथ दूसरे नंबर के बेटे हैं। मां के निधन की खबर उस समय मिली जब योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल थे। सीएम योगी के शाम तक मां के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सावित्री देवी के निधन पर दुख जताया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि मां का जाना जीवन की वह क्षति है जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं होती। उन्होंने दुख की इस घड़ी में अपनी संवेदनाएं योगी आदित्यनाथ और शोक संतप्त परिवार के साथ बताईं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी एक्स पर शोक व्यक्त करते हुए मां का निधन जीवन के सबसे असहनीय दुखों में से एक बताया और परिवार के प्रति संवेदना जताई।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इस खबर को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताया और मुख्यमंत्री तथा उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विनम्र श्रद्धांजलि के साथ दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की और शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने भी निधन पर दुख जताते हुए परिवार और रिश्तेदारों के प्रति गहरी संवेदना जताई तथा ईश्वर से दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
चंद्रशेखर आजाद ने भी सावित्री देवी के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि मां को खोने का दुख शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता और इस कठिन समय में उनकी गहरी संवेदनाएं मुख्यमंत्री जी एवं उनके समस्त परिवार के साथ हैं। उन्होंने प्रकृति से शोकाकुल परिवार को यह अपार दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
