कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दावा किया है कि परिसीमन विधेयक से सिर्फ भाजपा को फायदा मिलेगा। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर अपने दावे को साबित करने के लिए गणित पेश किया है। दीपके के मुताबिक, 1,000 मतदाताओं वाले एक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा को 400 और विपक्ष को 600 वोट मिलने पर विपक्ष जीतता है, लेकिन परिसीमन के बाद 500-500 मतदाताओं वाले दो निर्वाचन क्षेत्र बनने पर पहली सीट पर भाजपा को 260 और विपक्ष को 240 तथा दूसरी सीट पर भाजपा को 140 और विपक्ष को 360 मत मिलेंगे। ऐसे में भाजपा और विपक्ष दोनों को एक-एक सीट मिलेगी। दीपके का कहना है कि इस तरह भाजपा को ऐसी जगह नई सीट मिल जाती है, जहां पहले उसकी कोई सीट नहीं थी, जबकि मतदाता और उनके वोट देने का तरीका वही रहता है।

इस बीच, एनसीपी-एसपी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने शुक्रवार को कहा कि वह शनिवार को होने वाली इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल नहीं होंगी। पार्टी नेता जितेंद्र आव्हाड ने कहा कि उनकी पार्टी परिसीमन का समर्थन करेगी। वाईएसआर कांग्रेस ने भी विधेयक का समर्थन करने की बात कही है, जबकि बीजद के सांसद संतृप्त मिश्रा ने महिला आरक्षण के प्रति समर्थन दोहराया।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में सभी राज्यों में लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। संसद की विशेष बैठक 30 नवंबर से शुरू हो रही है। केंद्र सरकार के प्रस्ताव से राज्यों के बीच लोकसभा में प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात बरकरार रहेगा। लोकसभा की 543 सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के बाद संख्या 850 हो जाएगी, जिसमें केंद्रशासित प्रदेशों की 35 सीटें होंगी।