परिसीमन मुद्दे पर सियासी रार के बीच तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर अपील की है कि 20 बागी सांसदों को आने वाले संसद सत्र में वोटिंग में हिस्सा न लेने दिया जाए। इन सांसदों का दावा है कि वे नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) में शामिल हो चुके हैं। बनर्जी ने कहा कि इन सांसदों के खिलाफ अयोग्यता की कार्रवाई अभी लंबित है और कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। उन्होंने बागी नेताओं को सदन में दी गई अलग सीटिंग की तुरंत समीक्षा करने की भी मांग की है।

पत्र में बनर्जी ने लिखा कि एआईटीटीसी के टिकट पर चुने गए इन 20 सांसदों को सदन में अलग सीटें दी गई हैं, जबकि 19 जून को इनके खिलाफ अयोग्यता की याचिकाएं दायर की गई थीं, जो अभी भी अध्यक्ष के पास लंबित हैं। ये याचिकाएं दसवीं अनुसूची के पैराग्राफ 6 के तहत दायर की गई थीं। उन्होंने कहा कि इन सदस्यों को स्पेशल सेशन के दौरान वोटिंग में हिस्सा लेने की इजाजत नहीं दी जानी चाहिए, क्योंकि उनकी अयोग्यता की कार्रवाई अभी पेंडिंग है। तृणमूल नेता ने कहा कि लोकसभा की आधिकारिक वेबसाइट पर अभी भी पार्टी के 28 सांसद दिखाए जा रहे हैं, जिनमें ये 20 बागी सांसद भी शामिल हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि इन सांसदों के वोट संविधान (131वां संशोधन) बिल की कार्यवाही में गिने जा सकते हैं, जिसे पास कराने के लिए सरकार को मौजूद और वोट देने वाले सदस्यों की दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होती है।

बनर्जी ने दसवीं अनुसूची के पैराग्राफ 2(1) के एक्सप्लेनेशन (ए) का जिक्र करते हुए तर्क दिया कि पैराग्राफ 4 तभी लागू होता है जब मूल राजनीतिक पार्टी किसी दूसरी पार्टी के साथ मर्ज हो। उन्होंने लिखा कि एआईटीटीसी, मूल राजनीतिक पार्टी के तौर पर, एनसीपीआई के साथ मर्ज नहीं हुई है। बता दें कि सोमवार को परिसीमन से जुड़ा संशोधित संविधान संशोधन बिल पेश किया जाएगा। सरकार इससे पहले अप्रैल में यह बिल पास नहीं करा पाई थी। लोकसभा में कुल 540 सदस्य हैं और सरकार को बिल पास कराने के लिए 360 वोटों की जरूरत है।

इस साल की शुरुआत में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद पार्टी में गंभीर फूट पड़ गई। 14 जून को पार्टी के कुल 28 लोकसभा सांसदों में से 20 सांसदों ने अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की और एनसीपीआई के साथ मर्जर तथा नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (एनडीए) के साथ जुड़ने का ऐलान किया। एनसीपीआई त्रिपुरा की एक छोटी पार्टी है। ये 20 सांसद तृणमूल कांग्रेस की लोकसभा में दो-तिहाई से ज्यादा हैं। दल-बदल कानून के पैराग्राफ 4 के तहत दो-तिहाई सांसदों के साथ मिलने पर मर्जर का प्रावधान है। लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस के पूर्व फ्लोर लीडर सुदीप बंद्योपाध्याय अब सदन में एनसीपीआई ग्रुप के हेड हैं।