परिसीमन को लेकर चल रहे विवाद के बीच पवार परिवार में मतभेद सामने आ रहा है। रोहित पवार ने इस मुद्दे पर सुप्रिया सुले को चिट्ठी लिखी है, जिसमें उन्होंने एनसीपी सांसदों से डिलिमिटेशन बिल के खिलाफ वोट देने की अपील की है। चिट्ठी में रोहित ने लिखा कि यह पत्र लिखते समय उनका मन बेचैन और व्यथित है, क्योंकि शरदचंद्र पवार इस समय अस्वस्थ हैं और कोई रणनीतिक निर्णय लेने की स्थिति में नहीं हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि पवार जल्द पूरी तरह ठीक हो जाएंगे।

रोहित ने चिट्ठी में कहा कि डिलिमिटेशन बिल को समर्थन देने की चर्चा से राज्य में प्रगतिशील विचारों को मानने वाले लोगों को बड़ा झटका लगा है। उन्होंने दावा किया कि 2011 की 15 साल पुरानी जनगणना के आधार पर बना यह विधेयक संघीय व्यवस्था को नुकसान पहुंचाएगा और अनुसूचित जाति-जनजाति को उनकी आबादी के अनुपात में सीटें नहीं मिलेंगी। उनके मुताबिक, नई जनगणना के आधार पर 2027 में संवैधानिक तरीके से निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन होना है, इसलिए भाजपा की जल्दबाजी के पीछे का मकसद समझना जरूरी है।

चिट्ठी में रोहित ने भाजपा पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी ने ज्ञानेश कुमार की मदद से वोटों की चोरी कर कई राज्यों में विधानसभा चुनाव जीते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने संविधान को नकारते हुए गोकुल जैसी सहकारी संस्था पर भी डाका डाला है। उन्होंने असम में भाजपा द्वारा किए गए परिसीमन का उदाहरण देते हुए कहा कि इससे पता चलता है कि निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन पारदर्शी तरीके से नहीं होगा।

रोहित ने यह भी लिखा कि डिलिमिटेशन बिल और महिला आरक्षण का आपस में कोई संबंध नहीं है, जबकि भाजपा दोनों को जोड़ने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि 2023 में संसद ने महिला आरक्षण बिल पास किया था और उनकी पार्टी ने भी इसका समर्थन किया था, इसलिए इसे अब भी लागू किया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का संविधान बदलने का एजेंडा अब भी बना हुआ है और डिलिमिटेशन के जरिए वह अपने पसंदीदा निर्वाचन क्षेत्र बनाना चाहती है। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा लोकतंत्र और संविधान के प्रति सच्ची निष्ठा रखती है, तो उसे डिलिमिटेशन कमिटी का अध्यक्ष पद विरोधी पार्टी के नेता को देना चाहिए।