आगर-मालवा जिले के नलखेड़ा में शादी समारोह के बाद खुले स्थान पर फेंके गए बचे हुए भोजन को खाने से पांच गायों की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य गोवंश बीमार पड़ गए। पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने बीमार गोवंश का इलाज शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान पांच गायों की जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने नलखेड़ा में शिवाजी चौराहे पर धरना देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने खुले में भोजन फेंकने के मामले में अली हुसैन के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है।

जानकारी के अनुसार, नलखेड़ा निवासी अयान हुसैन लखेरा के यहां शादी समारोह आयोजित किया गया था, जिसमें मेहमानों के लिए शाकाहारी और मांसाहारी भोजन की व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बचा हुआ भोजन सुरक्षित तरीके से नष्ट करने के बजाय खुले स्थान पर फेंक दिया गया। बताया जा रहा है कि इसी भोजन को खाने के बाद गोवंश की तबीयत बिगड़ने लगी।

गायों की हालत खराब होते देख स्थानीय लोगों ने पशु चिकित्सकों को सूचना दी। इसके बाद पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बीमार गोवंश का उपचार शुरू किया। हालांकि, इलाज के दौरान पांच गायों की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य गोवंश की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की जानकारी फैलते ही स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों में नाराजगी बढ़ गई। संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शिवाजी चौराहे पर थाना प्रभारी शशि उपाध्याय को ज्ञापन देकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने खुले में भोजन फेंकने के मामले में अली हुसैन के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है। घटना के बाद शादी समारोहों में बचे भोजन के सुरक्षित निस्तारण और खुले स्थानों पर खाद्य सामग्री फेंकने से होने वाले नुकसान को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।