प्रतापगढ़ के कुंडा में आयोजित श्रीराम कथा के मंच से बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बड़ा ऐलान किया। तीन दिवसीय कथा के पहले दिन व्यासपीठ से उन्होंने कहा कि हमारी नजर में यादव और माधव दो नहीं, एक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हमारी नजर में हम सब हिंदू एक हैं। भगवान राम और श्रीकृष्ण की तुलना को लेकर विवादों में आए शास्त्री ने मंच से इस विषय पर खुलकर बात की। उनके इस प्रवचन पर खूब तालियां बजीं।

शास्त्री ने कुंडा के मंच से जल्द वृंदावन जाने का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि वह वहां इसलिए जाएंगे कि अगर किसी को क्षोभ हुआ हो तो वह ठाकुर जी से उन सबको ठीक मति देने की प्रार्थना करेंगे।

बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर ने मथुरा श्रीकृष्ण जन्मभूमि के लिए कारसेवा की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि जन्मभूमि पर औरंगजेब का जो कलंक लगा है, उसे पोछने का समय आ गया है। उन्होंने मंच पर मौजूद लोगों से मथुरा चलने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि विरोध करने वाले लोगों को भी साथ चलने का आमंत्रण है। शास्त्री ने कहा कि रामलला अपने धाम में बैठ गए हैं, अब श्यामलला के भव्य मंदिर में विराजमान होने का समय है।