पटना में खाद्य संरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को कई मोमो प्रतिष्ठानों की जांच की। कांटी फैक्ट्री रोड स्थित द मोमोज कैफे से 22 किलो सड़ा चिकन बरामद होने पर उसे मौके पर नष्ट कराया गया। रसोई और डीप फ्रीजर में गंदगी मिली, जबकि फ्रीजर में तापमान दिखाने की व्यवस्था नहीं थी। वेज और नॉनवेज सामग्री एक साथ रखी थी और तैयार नॉनवेज पदार्थों पर निर्माण तिथि नहीं थी। खाद्य अनुज्ञप्ति की प्रति भी प्रदर्शित नहीं थी और स्वच्छता मानकों का उल्लंघन मिला। गंभीर अनियमितताओं के कारण प्रतिष्ठान को दो दिनों के लिए बंद कराया गया और लाइसेंस निलंबित करने की अनुशंसा की गई।

लोदीपुर स्थित सिटी सेंटर माल में वाउ मोमो एंड वाउ चाइना की जांच में बार-बार इस्तेमाल से जला हुआ खाद्य तेल मिला। टीम ने 21 लीटर तेल नष्ट कराया और इंडो चिली सास बेस का नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा। कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र और पानी की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं थी। सुधार नोटिस जारी किया गया है और 14 दिनों में कमियां दूर न करने पर लाइसेंस निलंबित किया जाएगा।

पटना सिटी के मोगलपुरा स्थित सिटी मोमो सेंटर बिना वैध खाद्य अनुज्ञप्ति के चल रहा था। भंडारण और साफ-सफाई की व्यवस्था असंतोषजनक मिली और शाकाहारी व मांसाहारी सामग्री एक साथ तैयार की जा रही थी। अधिकारी ने सात दिनों के भीतर लाइसेंस लेने का निर्देश दिया है और तब तक मोमो के निर्माण व बिक्री पर रोक लगाई है।