कानपुर के रूमा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित पिगमेंट इंक फैक्ट्री में मंगलवार रात भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में रखे केमिकल से भरे ड्रम तेज धमाकों के साथ फटने लगे, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई और काम कर रहे मजदूर जान बचाकर भागे। धमाकों की आवाज दूर तक सुनाई दी और आग की लपटें व धुएं का गुबार देखकर लोगों में भगदड़ जैसे हालात बन गए।

आग की भयावहता को देखते हुए एहतियातन बगल में स्थित कानपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी कॉलेज (केआईटी) के हॉस्टल को खाली करा लिया गया। हॉस्टल में रह रहे विद्यार्थियों को तत्काल बाहर निकाला गया। आग के आसपास की अन्य फैक्ट्रियों तक पहुंचने की आशंका को देखते हुए उन्हें भी बंद कराकर खाली कराया गया और वहां काम कर रहे कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया।

सूचना मिलने पर जाजमऊ, मीरपुर, किदवई नगर, कर्नलगंज और फजलगंज समेत कई फायर स्टेशनों से 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बाद देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं और केमिकल के ड्रम एक के बाद एक धमाकों के साथ फटने लगे। लगातार हो रहे विस्फोटों के कारण दमकल की गाड़ियां फैक्ट्री के अंदर तक नहीं पहुंच पा रही हैं। ऐसे में दमकलकर्मी बगल की फैक्ट्री की छत से पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं। केमिकल होने की वजह से आग बुझने के बजाय और भड़क रही है।

फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन नहीं हो सका है। राहत और बचाव कार्य जारी है।