आगरा में प्रदेश के दूसरे सबसे बड़े मेट्रो पुल पर स्टील गर्डर रखने का काम दो से तीन दिन में होना है। यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) की टीम ने इसकी तैयारी तेज कर दी है। इस काम के चलते एमजी रोड पर रावली पुलिया की दोनों लेन रात 12 बजे के बाद चार घंटे के लिए बंद रहेंगी। इसी तरह टूंडला-आगरा रेल खंड पर तीन घंटे तक ट्रेनों का संचालन बंद रहेगा।

आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से कालिंदी विहार तक बन रहा मेट्रो का दूसरा कॉरिडोर 16 किमी लंबा है। इसका ट्रैक एमजी रोड से होकर गुजरता है। इस ट्रैक पर रावली पुलिया और हरीपर्वत पुलिया पर 60-60 मीटर के स्टील गर्डर रखे जाने हैं। ये गर्डर गाजियाबाद की एक फैक्ट्री में तैयार हो चुके हैं। गर्डर की चौड़ाई साढ़े चार मीटर है।

बताया गया है कि सामान्य तौर पर मेट्रो गर्डर की लंबाई 28 मीटर और वजन 160 मीट्रिक टन के आसपास होता है, लेकिन इस गर्डर का वजन 360 मीट्रिक टन है। यूपीएमआरसी की टीम 26 हजार बोल्ट लगाने का काम पूरा कर चुकी है। अधिकारियों ने मंगलवार को मेट्रो डिपो कार्यालय में बैठक कर गर्डर लॉन्चिंग की योजना पर चर्चा की।

संयुक्त महाप्रबंधक जनसंपर्क पंचानन मिश्र ने बताया कि संरक्षा के चलते एमजी रोड पर वाहनों और ट्रेनों का संचालन बंद किया जाएगा। कार्य खत्म होने के बाद यातायात का संचालन होगा। एमजी रोड से प्रतिदिन दो लाख से अधिक वाहन गुजरते हैं, जबकि टूंडला-आगरा रेल खंड पर करीब हर 10 मिनट में एक ट्रेन चलती है।