बरेली में बढ़ते वाहन दबाव और यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए नगर निगम की अगुआई में कराए गए व्यापक गतिशीलता योजना (सीएमपी) सर्वेक्षण में शहर में 45 किलोमीटर नए मार्गों का प्रस्ताव रखा गया है। इसमें पीलीभीत रोड से नैनीताल रोड तक एक नया संपर्क मार्ग बनाना शामिल है। सर्वे में यातायात पुलिस, एनएचएआई और अन्य विभागों के विशेषज्ञों ने सुझाव दिए हैं।

नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि विशेषज्ञों ने यातायात को अलग-अलग मार्गों पर वितरित करने के लिए जालीनुमा सड़क नेटवर्क विकसित करने की जरूरत बताई है। इसी के तहत 45 किलोमीटर नए मार्गों का प्रस्ताव है। इनमें पीलीभीत रोड और नैनीताल रोड को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग भी शामिल है, जिसे शहर के अधूरे सड़क संपर्कों को पूरा करने की अहम कड़ी माना गया है।

योजना में बदायूं रोड से लाल फाटक रोड तक संपर्क, इज्जतनगर रेलवे स्टेशन से मंधौवाड़ी मार्ग तक संपर्क और अन्य सड़क कड़ियां भी शामिल हैं। इसमें मास्टर प्लान-2031 के तहत प्रस्तावित 154 किलोमीटर सड़कें तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण का 29 किलोमीटर बाईपास भी शामिल किया गया है।

नगर आयुक्त ने कहा कि सीएमपी में विशेषज्ञों की ओर से खींचे गए खाके का अध्ययन किया जा रहा है। आवश्यकता के अनुसार विभिन्न विकास कार्यों की कार्ययोजना तैयार कर उसे धरातल पर उतारने की पहल भी शुरू कर दी गई है।