झालावाड़ जिले में जिला प्रमुख के चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी वर्षा झाला ने कांग्रेस की कुसुमलता मीणा को एक वोट के अंतर से हरा दिया। 21 वर्षीय वर्षा झाला को 17 वोट मिले, जबकि कुसुमलता मीणा को 16 वोट हासिल हुए। जिला परिषद की 33 सीटों में कांग्रेस ने 16 सीटें जीती थीं, लेकिन वह जिला प्रमुख का पद नहीं जीत सकी।

वर्षा झाला जिला परिषद के वार्ड नंबर 15 से निर्वाचित सदस्य हैं। उनकी उम्र 21 साल 7 माह है और वे बीए सैकंड ईयर तथा बीएड की पढ़ाई कर रही हैं। उनके पिता प्रताप सिंह झाला उर्फ पिंटू बना किसान होने के साथ रायपुर बीजेपी मंडल अध्यक्ष हैं, जबकि उनकी मां हेमकंवर गृहिणी हैं। जिला परिषद सदस्य चुनाव में उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी सीमा कंवर को 4797 वोटों से हराया था।

चुनाव से पहले बीजेपी को क्रॉस वोटिंग का डर सता रहा था, इसलिए पार्टी ने अपने सदस्यों को एकजुट रखने के लिए सावधानी बरती। मतदान के दौरान बीजेपी के सभी 17 सदस्यों ने वर्षा झाला के समर्थन में वोट किया। परिणाम घोषित होते ही जिला परिषद परिसर में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के समर्थन में नारे लगाए।

जीत के बाद वर्षा झाला ने कहा कि आमजन के काम करना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी और जिला परिषद में आने वाले किसी भी व्यक्ति को परेशानी नहीं हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा। अब युवा जिला प्रमुख के सामने जिले में विकास कार्यों को गति देने और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान करने की जिम्मेदारी होगी। वहीं कांग्रेस के 16 सदस्य होने के बावजूद जिला प्रमुख का पद हासिल नहीं कर पाना पार्टी के लिए सियासी झटका माना जा रहा है।