बॉम्बे हाई कोर्ट ने दक्षिण मुंबई की उस जर्जर इमारत को गिराने पर लगी रोक 30 नवंबर तक बढ़ा दी है, जिसमें कभी भगोड़े गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम और उसका परिवार रहता था। कोर्ट ने इमारत में किसी के भी प्रवेश पर भी रोक लगा दी है।

मुख्य न्यायाधीश महेश चंद्र त्रिपाठी और न्यायमूर्ति अद्वैत सेठना की पीठ ने बुधवार को पाकमोडिया स्ट्रीट स्थित दो मंजिला हाजी इस्माइल हाजी हबीब मुसाफिरखाना को गिराने पर लगी रोक को 30 नवंबर तक के लिए बढ़ा दिया। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने 19 नवंबर को इस इमारत को खतरनाक और जर्जर घोषित करते हुए गिराने का काम शुरू किया था।

उसी दिन शेख अब्दुल रज्जाक और अमीरअली वजीराली पंजवानी ने हाई कोर्ट का रुख किया। ये दोनों खुद को वक्फ संस्था हाजी इस्माइल हाजी हबीब मुसाफिरखाना ट्रस्ट से जुड़ा पक्ष और लाभार्थी बताते हैं। उन्होंने इस विध्वंस नोटिस के खिलाफ याचिका दायर की।

सुनवाई के दौरान बीएमसी की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल सखारे ने पीठ को बताया कि इमारत बहुत ज्यादा जर्जर हो चुकी है और आसपास रहने वाले लोगों के लिए खतरा पैदा कर रही है। उन्होंने कहा कि यह एक इमारत है, न कि कोई मस्जिद, जैसा कि याचिकाकर्ताओं का दावा है। अधिवक्ता के मुताबिक, 2007 से ही इस ढांचे के कई छोटे-छोटे हिस्से गिर रहे हैं और फिलहाल इसमें कोई नहीं रह रहा है।