आगरा जिले की मतदाता सूची में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। नौ विधानसभा क्षेत्रों की सूची में साढ़े 54 हजार से अधिक डुप्लीकेट मतदाता पाए गए हैं। इनमें सबसे अधिक 10,214 दोहरे मतदाता आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में हैं। जिले में कुल 30 लाख मतदाता हैं, जिनमें 16.43 लाख पुरुष और 13.63 लाख महिला मतदाता शामिल हैं। जिला प्रशासन के सामने सबसे बड़ी परेशानी डुप्लीकेट मतदाताओं की है। आंकड़ों के अनुसार दोहरे नामों की समस्या शहरी और ग्रामीण, दोनों क्षेत्रों में है। कुछ मतदाताओं के नाम दो से अधिक सूचियों में दर्ज हैं।
मतदाता सूची से दोहरे नाम हटाने के लिए 3849 बीएलओ द्वारा सूची का सत्यापन किया जा रहा है। बीएलओ ऐसे मतदाताओं को चिन्हित कर सूची से नाम हटाएंगे। जिला प्रशासन ने डुप्लीकेट मतदाताओं से अपील की है कि वे एक नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 भरकर जमा करें।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान ने बताया कि मतदाता सूची में दोहराव खत्म हो और किसी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से न कटे, इसके लिए मतदाता सूची का संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चल रहा है। डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं।
लोगों की सुविधा के लिए कंट्रोल रूम चलाया जा रहा है, जहां फोन कर मतदाता सूची में अपना नाम होने या न होने की जानकारी ली जा सकती है। कंट्रोल रूम का टोल फ्री नंबर 1950 है, जबकि टेलीफोन नंबर 0562-2250170, 0562-2971483 और 0562-2971983 हैं। जानकारी पर भी उपलब्ध है।
