सोनभद्र के करारी गांव में चोरी के शक में एक व्यक्ति की पिटाई के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पीड़ित नरेंद्र दुबे की तहरीर पर पहले तीन भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
करारी निवासी नरेंद्र दुबे ने राबर्ट्सगंज कोतवाली में तहरीर दी थी कि रविवार की शाम करीब छह बजे वह अपने घर के पास टहल रहा था। इसी दौरान गांव के अनीष यादव, मनीष यादव और चंद्रमोहन यादव ने उसे अपने पास बुलाया। आरोप है कि तीनों ने उस पर अपने घर में चोरी करने का आरोप लगाया। नरेंद्र ने पूछा कि उसे चोरी करते हुए कब देखा गया, तो आरोपित भड़क गए और उसे लात-घूंसों से मारने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
इसी बीच किसी ने पुलिस की आपात सेवा 112 पर सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर उसकी जान बच सकी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने गांव के तीन सगे भाइयों अनीष यादव, मनीष यादव और चंद्रमोहन यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने बताया कि विवेचना के दौरान अन्य नाम भी प्रकाश में आए। सोमवार की रात पुलिस ने इस मामले में गांव के ओम प्रकाश, राजनारायण, रामसनेही और कुबेर को गिरफ्तार कर लिया।
