मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 25 नवंबर को सिवान के चिंतामनपुर गांव में संभावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट पर है। कार्यक्रम स्थल वीवी गिरि विश्वविद्यालय सह ममता मेडिकल कालेज एंड हास्पिटल में सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुल 215 अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इनमें 117 वरीय पदाधिकारी और जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 98 पुलिस पदाधिकारी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त पुलिस बल और अन्य कर्मियों को भी तैनात किया जाएगा।
जारी प्रतिनियुक्ति तालिका के अनुसार मुख्य मंच, अतिविशिष्ट व्यक्तियों के प्रवेश द्वार तथा पुरुष एवं महिला प्रवेश द्वारों पर अलग-अलग दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। अपर समाहर्ता प्रमोद कुमार राम को सुरक्षा व्यवस्था का वरीय प्रभार सौंपा गया है। दरौंदा की प्रखंड विकास पदाधिकारी सिम्मी कुमारी सहित विभिन्न प्रखंडों के बीडीओ, अंचलाधिकारी और जिला स्तरीय पदाधिकारियों को अलग-अलग स्थलों पर प्रतिनियुक्त किया गया है।
वीवीआईपी सीटिंग एरिया, एमबीबीएस विद्यार्थियों के बैठने वाले सेक्टर और अन्य निर्धारित स्थानों पर भी अधिकारियों की तैनाती की गई है। प्रशासन ने प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, अतिविशिष्ट व्यक्तियों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां निर्धारित की हैं। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को निर्धारित स्थल पर समय से पहुंचकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है।
जिला प्रशासन मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरत रहा है।
